अंजुमन इस्लामिया कमेटी अनूपपुर ने किया ‘पढ़ो-पढ़ाओ’ योजना के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

---Advertisement---

अंजुमन इस्लामिया कमेटी अनूपपुर ने किया ‘पढ़ो-पढ़ाओ’ योजना के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन

10वीं-12वीं पास विद्यार्थियों को बांटी गई स्टेशनरी, नात शरीफ, तकरीर और सवाल-जवाब कार्यक्रम ने बांधा समां; पत्रकार, डॉक्टर, अधिवक्ता एवं समाजसेवी हुए सम्मानित

अनूपपुर। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर जिला मुख्यालय अनूपपुर स्थित अंजुमन इस्लामिया कमेटी द्वारा मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड भोपाल के निर्देशन एवं जिला वक्फ बोर्ड अध्यक्ष इरशाद अहमद की सरपरस्ती में ‘पढ़ो-पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। 29 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर लियाकत अली ने की। कार्यक्रम में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनूपपुर विधानसभा प्रत्याशी एवं पूर्व अपर कलेक्टर रमेश सिंह,मध्यप्रदेश काँग्रेस के नगरीय निकाय उपाध्यक्ष आशीष त्रिपाठी,भाजपा जिला कोषाध्यक्ष विवेक बियाणी एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष अनूपपुर बृजेश चतुर्वेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

विद्यार्थियों को दी गई स्टेशनरी सामग्री

मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड भोपाल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल की महत्वपूर्ण ‘पढ़ो-पढ़ाओ’ योजना के तहत इस वर्ष कक्षा 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्टेशनरी सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने विद्यार्थियों को अपने हाथों से स्टेशनरी वितरित की। सामग्री प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

नात शरीफ, तकरीर और सवाल-जवाब ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम समुदाय के बच्चों द्वारा नात शरीफ, सवाल-जवाब एवं तकरीर की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल का माहौल खुशनुमा हो गया। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन को समाज और नई पीढ़ी के लिए उपयोगी बताया तथा भविष्य में भी इस तरह के आयोजन निरंतर किए जाने की बात कही।

वक्फ बोर्ड की गतिविधियों से कराया अवगत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला वक्फ बोर्ड अध्यक्ष इरशाद अहमद ने मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल द्वारा वक्फ बोर्ड के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी। उन्होंने बोर्ड द्वारा वक्फ संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए की जा रही कार्रवाई एवं अन्य गतिविधियों से भी आमजन को अवगत कराया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान अंजुमन इस्लामिया कमेटी अनूपपुर द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए जिला वक्फ बोर्ड अध्यक्ष इरशाद अहमद, अधिवक्ता वासुदेव चटर्जी एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष बृजेश चतुर्वेदी को शॉल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

वहीं पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पत्रकार चैतन्य मिश्रा एवं आदर्श दुबे को भी शॉल एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अंजुमन इस्लामिया कमेटी के पदाधिकारियों ने अतिथियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। ‘पढ़ो-पढ़ाओ’ योजना के माध्यम से शिक्षा को बढ़ावा देने तथा प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment