कांग्रेस प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा ने सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन को किया आगाह

---Advertisement---
  • कांग्रेस प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा ने प्रशासन को किया आगाह, बोले– हादसों के बाद जागने के बजाय पहले से बरतनी होगी सतर्कता

मनेन्द्रगढ़। कठौतिया से मनेन्द्रगढ़ के बीच सड़क पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। इस मार्ग पर पिछले कुछ वर्षों के दौरान कई लोगों की जान जा चुकी है। हादसों की लगातार बढ़ती घटनाओं के बीच जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा ने पुलिस और प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिये ठोस और स्थायी व्यवस्था बनाने की मांग की है।सिन्हा ने कहा कि किसी भी सड़क दुर्घटना का असर केवल घटनास्थल तक सीमित नहीं रहता बल्कि इससे कई परिवारों का जीवन प्रभावित होता है। कठौतिया से मनेन्द्रगढ़ के बीच दुर्घटनाओं का बार बार होना इस बात का संकेत है कि मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था की नये सिरे से समीक्षा करने की जरूरत है। उन्होंने विशेष रूप से उन घटनाओं पर चिंता जताई जिनमें वाहन चालकों के नशे में होने की जानकारी सामने आई है।

उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना गंभीर गैरजिम्मेदारी है। इससे चालक स्वयं के साथ साथ दूसरे निर्दोष लोगों की जिंदगी भी खतरे में डालता है। ऐसे मामलों में किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जानी चाहिये और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्यवाही होनी चाहिये।
कांग्रेस प्रवक्ता ने प्रशासन से आग्रह किया कि इस पूरे मार्ग को दुर्घटना संभावित क्षेत्र मानकर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाये। खासकर रात्रिकालीन समय में वाहनों की जांच बढ़ाई जाये। तेज रफ्तार, लापरवाही से ड्राइविंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाये। इसके साथ ही जहां बार बार दुर्घटनाएं हो रही हैं, उन स्थानों की पहचान कर आवश्यक सड़क संकेतक, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय किये जायें।

स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि दुर्घटना के बाद जांच और कार्यवाही अपनी जगह जरूरी है लेकिन प्रशासन की वास्तविक जिम्मेदारी ऐसी व्यवस्था तैयार करना है जिससे हादसों की आशंका ही कम हो। इसके लिये यातायात विभाग, पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय के साथ नियमित निगरानी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं बल्कि जनहित और मानवीय संवेदनशीलता के नजरिये से देखा जाना चाहिये। हर नागरिक की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिये साथ ही उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों को गंभीरता से लें और नशे की हालत में कभी भी वाहन ना चलायें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment