देवउठनी एकादशी पर अमरकंटक में गूंजा दिवारी लोकनृत्य, यादव समाज ने बिखेरी संस्कृति और आस्था की छटा

---Advertisement---
  • 50 सदस्यीय यादव दल ने मां नर्मदा उद्गम मंदिर में पारंपरिक वेशभूषा और लोकवाद्यों के साथ दी प्रस्तुति , नगरवासियों एवं व्यापारियों ने उपहार और बख्शीश देकर किया स्वागत

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली पवित्र नगरी अमरकंटक जो प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थली में कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर यादव समाज की पारंपरिक दिवारी नृत्य-गायन की मनोहारी प्रस्तुति देखने को मिली । डिंडोरी जिले के बजाग विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिंहपुर से आए लगभग 50 सदस्यीय यादव दल ने पारंपरिक वेशभूषा एवं लोकवाद्य यंत्रों के साथ नृत्य-गायन कर लोकसंस्कृति और सनातन परंपरा की जीवंत छटा बिखेरी ।
यादव समाज के पुरुषों , महिलाओं , बालिकाओं एवं बालकों से सजे दल ने सर्वप्रथम मां नर्मदा उद्गम मंदिर पहुंचकर पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप और लोकगीतों के साथ दिवारी नृत्य प्रस्तुत किया । मां नर्मदा के चरणों में श्रद्धा अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद दल ने नगर के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं दुकानों के सामने भी पारंपरिक नृत्य-गायन किया । इस दौरान नगरवासियों एवं व्यापारियों ने श्रद्धापूर्वक उपहार , इनाम और बख्शीश भेंट कर दल का उत्साहवर्धन किया । यादव समाज के सदस्यों ने अपनी परंपरा के अनुरूप सभी को मंगलकामनाएं एवं शुभाशीष प्रदान किए ।

पारंपरिक परिधानों में सजे महिला-पुरुषों एवं बच्चों ने लोकवाद्यों की लयबद्ध थाप पर उत्साह और उमंग के साथ नृत्य किया । उनके लोकगीतों और मनमोहक प्रस्तुतियों ने अमरकंटक के धार्मिक वातावरण में लोकजीवन की सांस्कृतिक मिठास घोल दी । यह आयोजन मनोरंजन के साथ-साथ आस्था , सामाजिक सद्भाव और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बना ।

उल्लेखनीय है कि यादव समाज में दीपावली के प्रथम दिवस की रात्रि से ही दिवारी उत्सव मनाने की परंपरा प्रारंभ हो जाती है । समाज के लोग पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर समूह में नृत्य एवं गायन करते हुए घरों और प्रतिष्ठानों तक पहुंचते हैं तथा लोगों को शुभाशीष देते हैं । बदले में उन्हें श्रद्धानुसार उपहार एवं बख्शीश प्रदान की जाती है । कार्तिक मास में देवउठनी एकादशी के अवसर पर इस परंपरा का निर्वहन लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन का संदेश देता है ।

मां नर्मदा की नगरी अमरकंटक में यादव समाज की इस पारंपरिक दिवारी प्रस्तुति ने धार्मिक पर्व की सांस्कृतिक महत्ता को और अधिक जीवंत कर दिया । ऐसे आयोजन भारतीय लोकपरंपराओं की निरंतरता , सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment