त्योहारों के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी करें – मुख्यमंत्री

---Advertisement---
  • नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश
  • खाद के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था पर कलेक्टर्स रखें कड़ी निगरानी

अनूपपुर 4 नवम्बर 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के अधिकारियों को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा के दौरान सुरक्षा, कानून एवं व्यवस्था तथा खाद वितरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखी जाए। पटाखों एवं विस्फोटक पदार्थों के विक्रय और भंडारण स्थलों पर विशेष निगरानी रखें तथा सुरक्षा एवं आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करें। अवैध रूप से पटाखों का विक्रय एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करें। कार्बाइड गन एवं कार्बाइड लैंप के उपयोग पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराएं। मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम गौशालाओं में आयोजित करने तथा गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार से सम्मानित गौपालकों को कार्यक्रमों में सम्मानित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों की बिक्री एवं आपूर्ति करने वालों, ड्रग माफिया तथा शराब का अवैध कारोबार करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाए। शिक्षण संस्थानों एवं छात्रावासों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की संयुक्त समितियां गठित कर नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता अभियान चलाएं। प्रत्येक छात्रावास के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के साथ उनके कैरियर मार्गदर्शन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। उन्होंने एनकॉर्ड समिति की नियमित बैठक आयोजित करने तथा बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कलेक्टर्स खाद के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करें तथा ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरण में किसानों को आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जिलों में औसत से कम वर्षा हुई है, वहां फसल कटाई प्रयोग के आधार पर अनावारी रिपोर्ट तैयार कराएं, ताकि पात्र किसानों के फसल बीमा एवं राहत संबंधी प्रकरण तैयार किए जा सकें। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष से शामिल हुए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment