- 63 से बढ़कर 136 हुई जांचों की संख्या, हर महीने 20 हजार से अधिक जांच कर मरीजों को मिल रहा लाभ
एमसीबी। जिला चिकित्सालय एमसीबी की अटल आरोग्य लैब स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और बेहतर चिकित्सा सेवाओं की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर रही है। कभी यहां महज 63 प्रकार की जांचों की सुविधा उपलब्ध थी लेकिन अब इसका दायरा बढ़कर 136 प्रकार की जांचों तक पहुंच गया है। इतना ही नहीं लैब में प्रतिमाह 20 हजार से अधिक जांचें की जा रही हैं जो जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिये एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
जांच सुविधाओं में हुए इस विस्तार से जिला चिकित्सालय पहुंचने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें कई महत्वपूर्ण जांचों के लिये निजी लैब या दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ता। इससे ना केवल मरीजों और उनके परिजनों का समय बच रहा है बल्कि जांच पर होने वाला अतिरिक्त आर्थिक खर्च भी कम हो रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे तथा सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. अभय प्रताप सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय में लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास किये जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि अटल आरोग्य लैब में उपलब्ध जांचों की संख्या 63 से बढ़कर 136 तक पहुंच गई है।
आधुनिक जांच उपकरणों, उपलब्ध संसाधनों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों से लैब में प्रतिमाह 20 हजार से अधिक जांचों का संचालन किया जा रहा है। बढ़ती जांच क्षमता से मरीजों को समय पर जांच सुविधा उपलब्ध कराने और उपचार की प्रक्रिया को सुगम बनाने में मदद मिल रही है। जिला चिकित्सालय एमसीबी की यह पहल सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और जनहितकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। सीमित जांच सुविधाओं से शुरुआत कर 136 प्रकार की जांचों तक पहुंचना और हर महीने हजारों मरीजों को लाभ पहुंचाना जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के विस्तार को दर्शाता है।







































































