- अनूपपुर के संसाधनों का बेहतर उपयोग कर विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाएं – राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल
- संस्कृति और विरासत का संरक्षण हम सभी का दायित्व – श्री रामलाल रौतेल
- मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया
- मनमोहन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, पुरस्कार तथा हितलाभ का किया गया वितरण
अनूपपुर 1 नवम्बर 2026/ मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन ऑडिटोरियम हॉल, एकलव्य आवासीय विद्यालय अनूपपुर में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् एवं मध्यप्रदेश गान के गान से हुआ।
राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस प्रदेश की गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति, इतिहास और विकास यात्रा को स्मरण करने के साथ उनसे प्रेरणा लेकर वर्तमान को बेहतर बनाने तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का अवसर है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए देश के 140 करोड़ नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। इसमें युवा, महिलाएं, किसान, श्रमिक, व्यापारी और अधिकारी-कर्मचारी सहित समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि अनूपपुर जिला नर्मदा, सोन और जोहिला जैसी नदियों, खनिज संपदा तथा समृद्ध वन संपदा से परिपूर्ण है। जिले में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए। कृषि एवं सिंचाई सुविधाओं को मजबूत बनाने के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और कुक्कुट पालन जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। जिले में स्थानीय संभावनाओं के अनुरूप कृषि उत्पादों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। दारसागर में टमाटर उत्पादन की सफलता का उल्लेख करते हुए उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराकर प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगार से जोड़ने तथा अधोसंरचना, बिजली, सड़क, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

मध्यप्रदेश अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और विकास यात्रा का स्मरण करने का अवसर है। जनजातीय संस्कृति एवं परंपराएं हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इनका संरक्षण एवं संवर्धन करते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने जनजातीय समाज को शिक्षा, रोजगार और विकास के अवसरों से जोड़ने तथा उनकी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखते हुए विकास की मुख्यधारा में सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
समारोह में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों एवं कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कन्या शिक्षा परिसर अनूपपुर की छात्राओं ने मध्यप्रदेश की संस्कृति पर आधारित लोक नृत्य प्रस्तुत किया। एकलव्य आवासीय विद्यालय, आदर्श विद्यालय एवं तुलसी विद्यालय के विद्यार्थियों ने नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। सविता रैदास ने देशभक्ति गीत ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। गुदुमबाजा दल ने पारंपरिक लोकवाद्य की प्रस्तुति दी, वहीं पसान नगर पालिका क्षेत्र की पूजा कशयप ने सांस्कृतिक शोलो नृत्य प्रस्तुति तथा कोतमा के लोकप्रिय गायक संदीप शिवहरे एवं दल ने ने देशभक्ति गीत एवं भजनों की प्रस्तुति से समारोह में देशभक्ति और लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला पंचायत के जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
- समारोह में किया गया सम्मान, पुरस्कार व हित लाभ का वितरण
समारोह में लोकतंत्र सेनानी श्री मूलचंद अग्रवाल का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रतियोगिता में अनूपपुर जिले के कोतमा कॉलेज की छात्रा सुश्री काजल केवट को मध्य प्रदेश शासन संस्कृति स्वराज संस्थान के श्री कृष्ण पाथेय न्यास द्वारा प्रेषित एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही चार पात्र अभ्यर्थी को अनुकंपा नियुक्ति आदेश पत्र प्रदान किए गए।
दिव्यांगजनों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से श्रीमती जुगुन्ती चौधरी (अनूपपुर), श्री नरेन्द्र रौतेल (जमुड़ी), श्री मोहम्मद शब्बीर (बिजुरी) एवं श्री रामचरण साहू (कोतमा) को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की गईं। हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में निगरानी एवं सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से 10 व्यक्तियों को टॉर्च वितरित की गईं।
वहीं, कृषक कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित कृषि क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में ई-स्कूटी प्रदान की गई। प्रतियोगिता में चंदन सिंह/कल्याण सिंह ने प्रथम, तेजू सिंह/सुरेश सिंह ने द्वितीय तथा नत्थूलाल यादव/स्व. वेसाहन लाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश, कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री प्राशी अग्रवाल, जनप्रतिनिधि रामदास पुरी, श्री प्रेमचंद यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी,पत्रकार , स्वयं सहायता समूह की दीदी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी तथा नागरिकगण उपस्थित रहे।







































































