भारतरत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज कोयला भवन मुख्यालय में ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) एवं एकता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार सहित कोयला भवन मुख्यालय के सभी महाप्रबंधकगण, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कोयला भवन मुख्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने सर्वप्रथम प्रशासनिक भवन परिसर से एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा स्वयं भी इसमें सहभागिता कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कोयला भवन मुख्यालय से प्रारंभ हुई एकता दौड़ शहीद स्मारक, विवेकानंद चौक, साईं मंदिर, डायमंड क्लब एवं नेताजी सुभाष चौक होते हुए पुनः कोयला भवन मुख्यालय पहुँच कर संपन्न हुई।

अपने संबोधन में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन, उनका दृढ़ नेतृत्व तथा राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। देश की एकता एवं अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में उनका योगदान अतुलनीय रहा है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति एवं विकास के लिए आपसी एकता, सहयोग, समन्वय एवं सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। एक सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम के रूप में बीसीसीएल भी देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यक्षेत्र में आपसी सहयोग, समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में कोयला भवन मुख्यालय के भूतल स्थित सभागार में सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से देश की एकता, अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्र निर्माण में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सीएमडी, निदेशकगण, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं अन्य अधिकारियों ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान का स्मरण किया। समापन सत्र में एकता दौड़ में विभिन्न श्रेणियों के विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का समापन महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री कुमार मनोज द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक ने किया। बीसीसीएल द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामूहिक सहभागिता के संदेश को प्रसारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।






































































