- ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे कांग्रेसी, पूर्व विधायक गुलाब कमरो की मौजूदगी में निकली पदयात्रा
कोटाडोल। मताधिकार की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने कोटाडोल में पदयात्रा निकालकर अपनी आवाज बुलंद की। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोटाडोल द्वारा मंगलवार को आयोजित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का संदेश दिया। पदयात्रा के समापन पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। कांग्रेस नेताओं ने मताधिकार को लोकतंत्र की बुनियादी ताकत बताते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। अभियान के जरिये पार्टी ने मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर जनजागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।
इस कार्यक्रम में भरतपुर-सोनहत क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरो विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रवि प्रताप सिंह, जिला महामंत्री एवं कोटाडोल प्रभारी अवधेश सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामू सिंह और आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष अमोल सिंह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता पदयात्रा में शामिल रहे।

आयोजन में शरण सिंह, रामप्रकाश मानिकपुरी, आनंद राय, कमल चौधरी, आशु, हंसलाल, राजेश बैगा, राजकरण यादव, परमेश, उमेश, वंश बहादुर, शिव प्रसाद, श्रम सिंह और कंश लाल सहित अन्य कांग्रेसजन भी मौजूद रहे।
कोटाडोल में आयोजित इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के मत की अहमियत को रेखांकित करते हुए अपनी मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मताधिकार की सुरक्षा, निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के मुद्दे पर अपनी आवाज आगे भी उठाते रहने की प्रतिबद्धता जताई।






































































