- भाजपा जिला अध्यक्ष ने वाल्मीकि जयंती पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश अपनाने की अपील
मनेन्द्रगढ़। महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की एमसीबी जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने समस्त प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं है। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के व्यक्तित्व और कृतित्व का स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन, विचार और साहित्य भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं जो पीढ़ियों को सत्य, धर्म, मर्यादा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे।
श्रीमती पावले ने कहा कि आदि कवि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, कर्तव्यनिष्ठा, न्यायप्रियता और लोककल्याण की भावना को जन जन तक पहुंचाया। रामायण केवल एक महाकाव्य नहीं बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला ऐसा ग्रंथ है जिसके आदर्श आज भी समाज के लिये प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन इस बात का संदेश देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, निरंतर साधना और ज्ञान के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। उनके विचार समाज में समानता, सद्भाव और समरसता की भावना को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्र निर्माण के लिये भी प्रेरित करते हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने इस अवसर पर सभी लोगों से महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सम्मान की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उनके बताये मार्ग पर चलकर ही एक समरस, सशक्त और संस्कारवान समाज की स्थापना की जा सकती है।






































































