- भरियाटोला सकरा के आंगनबाड़ी केंद्र से टीवी, आरओ, बर्तन और वजन मशीन की हुई थी चोरी, कोतवाली पुलिस ने पांचवें आरोपी को पकड़ा
अनूपपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भरियाटोला सकरा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी मिथुन उर्फ दुपेन्द्र चौधरी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई वजन करने वाली मशीन भी बरामद की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को आंगनबाड़ी केंद्र भरियाटोला सकरा की कार्यकर्ता मंती बैगा, उम्र 31 वर्ष, निवासी पटेल मोहल्ला सकरा ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 27 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने आंगनबाड़ी केंद्र में लगे शासकीय एलईडी टीवी, आरओ मशीन, बर्तन और वजन करने वाली मशीन चोरी कर ली थी।
- पहले तीन आरोपी गिरफ्तार, सामान और औजार जब्त
मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 454/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(e) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने गोलू उर्फ आकाशा बैगा, अजय बैगा और दद्दा बैगा को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से चोरी का सामान, ताला तोड़ने में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई थीं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया था।
- पुलिस टीम ने फरार आरोपी को दबोचा
मामले में फरार चल रहे आरोपी मिथुन उर्फ दुपेन्द्र चौधरी, पिता स्वर्गीय रोहणी प्रसाद चौधरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम पटनाकला, थाना चचाई, जिला अनूपपुर की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 26 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक उमेश उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई वजन मशीन बरामद की गई।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शिव शंकर प्रजापति, महेंद्र राठौर, आरक्षक अमित यादव और महिला आरक्षक अंकिता सोनी की भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






































































