प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के तहत समितियों का क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण संपन्न

---Advertisement---
  • बरतराई में जन अभियान परिषद ने सामाजिक सहभागिता, संवाद कौशल और दस्तावेजीकरण की दी जानकारी

जमुना कोतमा मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड अनूपपुर के सेक्टर क्रमांक 04 अंतर्गत ग्राम पंचायत बरतराई में प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान के तहत ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की एक दिवसीय बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य समितियों की कार्यक्षमता बढ़ाने, सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण विकास की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सदस्यों को प्रशिक्षित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपसरपंच रामअवतार ने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में परामर्शदाता प्रशिक्षक शिवानी सिंह ने परिषद के माध्यम से क्षेत्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों तथा अब तक किए गए सामाजिक कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली, सामाजिक सहभागिता और ग्रामीण विकास में परिषद की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

द्वितीय सत्र में परामर्शदाता प्रशिक्षक कृष्णा देवी ने प्रस्फुटन समितियों को स्वयंसेवी संगठन के रूप में विकसित करने के विषय पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि समितियां सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाकर अपनी कार्यक्षमता बढ़ा सकती हैं और संगठित प्रयासों के माध्यम से समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ा सकती हैं। इस दौरान सामाजिक उत्तरदायित्व, सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

प्रशिक्षण के दौरान संवाद कौशल एवं दस्तावेजीकरण की उपयोगिता समझाई गई। कृष्णा देवी ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए स्पष्ट, सरल और प्रभावी संवाद आवश्यक है। वहीं, समितियों की बैठकों, सामाजिक गतिविधियों और उपलब्धियों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण संस्था के कार्यों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के साथ भविष्य की योजनाएं तैयार करने में भी सहायक होता है।

तृतीय सत्र में परामर्शदाता शिवानी सिंह ने बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रमों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक कार्य एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में शिक्षा और कौशल प्राप्त करने के अवसरों से प्रतिभागियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम में उपसरपंच रामअवतार, परामर्शदाता शिवानी सिंह, कृष्णा देवी, प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव तथा नवांकुर सखियां उपस्थित रहीं। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में सहभागिता करते हुए सामाजिक विकास और जनकल्याणकारी गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने की जानकारी प्राप्त की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment