- पाँच विकासखंडों में लगभग 32,500 नवसाक्षरों को परीक्षा में शामिल करने का लक्ष्य, करीब 25 हजार लोगों ने दी परीक्षा
शहडोल 26 अक्टूबर 2026- जिले में साक्षरता दर बढ़ाने के उद्देश्य से भारत सरकार के निर्देशानुसार संचालित उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता मूल्यांकन परीक्षा आयोजित की गई। जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्रीमती सावित्री सोनी ने बताया कि 24 अक्टूबर को आयोजित इस परीक्षा में नवसाक्षरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उन्होंने बताया कि ब्यौहारी, जयसिंहनगर, गोहपारू, बुढ़ार एवं सोहागपुर विकासखंडों में लगभग 32,500 नवसाक्षरों को परीक्षा में शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। परीक्षा सभी विकासखंडों के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित की गई। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए प्रधानाध्यापकों को केंद्राध्यक्ष तथा संकुल प्राचार्यों को नोडल अधिकारी बनाया गया था।
सोहागपुर विकासखंड के अंतर्गत जिला जेल में निरुद्ध निरक्षर बंदियों ने भी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा में भाग लिया। उन्होंने अक्षर साथी श्रीमती कल्पना मिश्रा के निर्देशन में परीक्षा दी। परीक्षा का अधिकारियों द्वारा निरीक्षण भी किया गया।
परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों पर नवसाक्षरों ने भागीदारी की। इनमें माध्यमिक शाला निपनिया में 15, शासकीय माध्यमिक शाला दियापीपर में 15, माध्यमिक शाला असवारी में 15, माध्यमिक शाला मोहतारा में 20, माध्यमिक शाला रामपुर में 25, प्राथमिक शाला अमझोर में 15, माध्यमिक शाला सरसी में 15 तथा प्राथमिक शाला लामर में 15 नवसाक्षरों ने परीक्षा दी।
जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जिले में आयोजित उल्लास नवभारत साक्षरता परीक्षा में लगभग 25 हजार लोगों ने भाग लिया।






































































