- नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में महिला कर्मियों को किया गया सम्मानित
- लाइव पेंटिंग, रंगोली, स्ट्रीट पेंटिंग एवं पॉट पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन
सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय, दरभंगा हाउस, रांची में आज दिनांक 26 अक्टूबर, 2026 को सतर्कता जागरूकता महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। महोत्सव के माध्यम से सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ एक जिम्मेदार एवं ईमानदार कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल, सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चंद्र शेखर तिवारी एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) श्री पंकज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणमान्य अतिथियों के आगमन एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ हुआ। इसके पश्चात वंदे मातरम् एवं कोल इंडिया गीत की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा की शपथ लेकर अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सीसीएल के सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने अपने संबोधन में सत्यनिष्ठा एवं नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महोत्सव के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता तथा जवाबदेही को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।
सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार ने अपने स्वागत संबोधन में सतर्कता जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने नैतिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता, पारदर्शी कार्यप्रणाली एवं सतर्कता के प्रति जागरूकता को संगठन की कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
महोत्सव के दौरान सतर्कता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सतर्कता गुब्बारे छोड़े गए। इसके साथ ही दरभंगा हाउस में पिपरवार ओसीपी एवं माइन क्लोजर मॉडल का उद्घाटन किया गया। ई-प्लेज बूथ का भी उद्घाटन किया गया, जिसके माध्यम से सतर्कता एवं सत्यनिष्ठा के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। इसके पश्चात सतर्कता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया तथा सतर्कता मार्च का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत लाइव पेंटिंग कार्यशाला का भी उद्घाटन किया गया। इस कार्यशाला में देश के विभिन्न हिस्सों से आए 30 से अधिक कलाकार भाग ले रहे हैं। कलाकार अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों का संदेश प्रस्तुत कर रहे हैं। महोत्सव के पहले दिन लाइव पेंटिंग के साथ रंगोली, स्ट्रीट पेंटिंग एवं पॉट पेंटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
*नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में महिला कर्मियों का सम्मान*
सतर्कता जागरूकता महोत्सव के अंतर्गत सोमवार शाम सीसीएल मुख्यालय में ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह रहीं। इस अवसर पर अर्पिता महिला मंडल की सभी सदस्याएं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह एवं अन्य सदस्याओं ने परिसर में आयोजित रंगोली, स्ट्रीट पेंटिंग, पॉट पेंटिंग एवं लाइव पेंटिंग का अवलोकन किया। उन्होंने कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए विभिन्न कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से दिए जा रहे संदेशों की प्रशंसा की।
इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन एवं गुब्बारे छोड़कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान भगवान श्री गणेश की वंदना एवं शिव वंदना की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला कर्मियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “नारी शक्ति समाज और राष्ट्र की प्रगति का एक महत्वपूर्ण आधार है। महिलाओं की प्रतिभा, समर्पण और नेतृत्व क्षमता को सम्मान देना तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। सीसीएल की महिलाएं अपने कार्यों और योगदान से संगठन को निरंतर सशक्त बना रही हैं। ऐसे आयोजन उनकी उपलब्धियों को पहचान देने के साथ-साथ अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करते हैं।”
ज्ञात हो कि सीसीएल सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में नए नए पहलों के माध्यम से कर्मियों एवं हितधारकों के समावेशी विकास के लिए कृतसंकल्पित है ।






































































