एसी का कॉपर वायर काटते ही पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी, कटर बरामद
चिरमिरी पुलिस की त्वरित कार्यवाही
चिरमिरी। मकान की दूसरी मंजिल में घुसकर एसी का कॉपर वायर काटकर चोरी करने की कोशिश करना एक युवक को भारी पड़ गया। थाना चिरमिरी पुलिस ने मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए अमानुल्लाह अहमद उर्फ अमन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया कॉपर वायर कटर भी बरामद किया गया है
पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र निवासी प्रार्थी के मकान की दूसरी मंजिल स्थित छत वाले कमरे में आरोपी प्रवेश कर गया था। यहां उसने एसी के कॉपर वायर को काटकर चोरी करने का प्रयास किया। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 375/2026, धारा 331(4), 62 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में पुलिस अधीक्षक एमसीबी श्रीमती रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार विश्वकर्मा एवं नगर पुलिस अधीक्षक रवि कुजुर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी चिरमिरी निरीक्षक वासुदेव परगनिहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
पूछताछ के दौरान आरोपी से घटना में प्रयुक्त कॉपर वायर कटर बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने कार्यवाही से दिया अपराध के खिलाफ संदेश
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का क्षेत्र में जुलूस निकालकर लोगों को अपराध के प्रति जागरूक रहने और कानून व्यवस्था बनाये रखने का संदेश दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। मामले की जांच और कार्यवाही में थाना चिरमिरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही



































































