भोपाल में कल से सजेगा मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट, 34 देशों के प्रतिनिधि जुटेंगे
MPTM-2026 का सातवां संस्करण 7 से 10 अक्टूबर तक, 10 हजार से अधिक B2B बैठकें; 1100 करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्तावों को मिलेगा अंतिम रूप
अनूपपुर, 6 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर, वन्यजीव, जैव-विविधता और प्राकृतिक पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट (MPTM) 2026 का सातवां संस्करण 7 से 10 अक्टूबर तक भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 अक्टूबर को ट्रैवल मार्ट का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी करेंगे।
600 से अधिक प्रतिनिधि होंगे शामिल
MPTM-2026 में 34 से अधिक देशों के 100 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि और 15 राज्यों से 180 से अधिक घरेलू टूर ऑपरेटर्स सहित 600 से ज्यादा प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। यूरोप, अमेरिका, एशिया-प्रशांत, पश्चिम एशिया और अफ्रीका के विभिन्न देशों से टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल राइटर्स और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि भोपाल पहुंचेंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गोवा, हरियाणा, ओडिशा तथा जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों के प्रमुख घरेलू टूर ऑपरेटर्स भी आयोजन में भाग लेंगे।
10 हजार से अधिक B2B बैठकें होंगी
चार दिवसीय आयोजन की प्रमुख विशेषता 10 हजार से अधिक पूर्व-निर्धारित बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकें होंगी। ऑनलाइन शेड्यूलिंग प्रणाली के माध्यम से देश-विदेश के खरीदारों, टूर ऑपरेटर्स, होटल समूहों, एयरलाइंस और ट्रैवल एजेंसियों की राज्य के 355 स्थानीय पर्यटन हितधारकों से सीधी बैठकें कराई जाएंगी।
इनमें होटल संचालक, रिसॉर्ट, हेरिटेज प्रॉपर्टी, होमस्टे संचालक और एडवेंचर स्पोर्ट्स से जुड़े कारोबारी शामिल हैं। इन बैठकों के माध्यम से मध्यप्रदेश के स्थानीय पर्यटन उत्पादों, लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और यात्रा पैकेजों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।
1100 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव
MPTM-2026 में प्रदेश में पर्यटन अधोसंरचना के विकास के लिए 1100 करोड़ रुपये से अधिक के संयुक्त निवेश प्रस्तावों और अनुबंधों को अंतिम रूप दिया जाएगा। विभिन्न क्षेत्रों में होटल, वेलनेस रिसॉर्ट, लक्जरी टेंटेड कैंपिंग और इको-टूरिज्म इकाइयों की स्थापना के लिए 14 प्रमुख परियोजनाओं को 252 करोड़ रुपये के लेटर ऑफ अवार्ड दिए जाएंगे।
पर्यटकों की सड़क यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए तीन प्रमुख पर्यटन मार्गों पर आधुनिक मार्ग सुविधा केंद्र विकसित करने के लिए भी LOA प्रदान किए जाएंगे।
सीहोर में 848.40 करोड़ का मेगा निवेश समझौता
आयोजन का प्रमुख आकर्षण सीहोर जिले के रामगढ़ में 848.40 करोड़ रुपये का मेगा पर्यटन निवेश समझौता होगा। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और ए.आर.एम. फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच होने वाले समझौते के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, गोल्फ विला, वेलनेस रिसॉर्ट, लक्जरी होटल और उच्चस्तरीय आतिथ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
परियोजना से करीब 920 प्रत्यक्ष रोजगार के साथ बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
पर्यटन क्षेत्र में 12 रणनीतिक समझौते
MPTM-2026 के दौरान कौशल विकास, ग्रामीण पर्यटन, साहसिक पर्यटन, मोटरस्पोर्ट्स, फिल्म पर्यटन, डिजिटल तकनीक और धरोहर संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में 12 रणनीतिक एमओयू, एमओए और समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
IITTM ग्वालियर के सहयोग से पर्यटक वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग, शिष्टाचार और ग्राहक सेवा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ग्रामीण होमस्टे को वैश्विक बुकिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में भी समझौता होगा।
रॉयल एनफील्ड के साथ बाइक राइडिंग रूट विकसित करने, ATOAI के साथ एडवेंचर पर्यटन में सुरक्षा मानकों और NATRAX के साथ मोटरस्पोर्ट्स पर्यटन को बढ़ावा देने पर काम किया जाएगा।
AI और डिजिटल तकनीक से पर्यटन को मिलेगी नई दिशा
स्मार्ट टूरिज्म के तहत प्रदेश के 100 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 1000 एआई-सक्षम क्यूआर कोड बोर्ड लगाए जाएंगे। मध्यप्रदेश पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट को हिंदी और अंग्रेजी के साथ जर्मन, स्पेनिश, फ्रेंच और जापानी भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा।
डिजिटल एमपी ट्रैवल हैंडबुक में 360 डिग्री दृश्य, इंटरैक्टिव मैप, एआई आधारित स्टोरीटेलिंग, वर्चुअल रियलिटी लिंक और द्विभाषी ऑडियो नरेशन जैसी सुविधाएं होंगी। प्रदर्शनी में वीआर के माध्यम से ज्योतिर्लिंगों के वर्चुअल दर्शन और वन्यजीव सफारी का अनुभव भी कराया जाएगा।
पर्यटन के साथ स्थानीय खान-पान को भी मिलेगा मंच
ट्रैवल मार्ट में मध्यप्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों को भी विशेष स्थान दिया गया है। ‘मां की रसोई’ लाइव काउंटर पर कोदो-मेथी भात, ज्वार-बाजरे की रोटियां, मट्ठे के आलू, चक्की का साग, निघौना, दाल-बाफला, भुने भाटे का भर्ता और सिलबट्टे की चटनियां परोसी जाएंगी।
खजुराहो से अमरकंटक तक पर्यटन स्थलों का भ्रमण
आयोजन के बाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए 16 विशेष फैमिलियराइजेशन टूर्स आयोजित किए जाएंगे। इनमें 200 से अधिक विशेषज्ञ शामिल होंगे।
प्रतिनिधियों को खजुराहो, ओरछा, मांडू, महेश्वर, ग्वालियर, सांची, भीमबेटका सहित हेरिटेज सर्किट; कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, पन्ना, सतपुड़ा और कूनो सहित वन्यजीव सर्किट तथा उज्जैन, ओंकारेश्वर, चित्रकूट और अमरकंटक सहित आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। पचमढ़ी, चंदेरी, तवा और गांधी सागर जैसे साहसिक एवं जल पर्यटन स्थलों को भी इन दौरों में शामिल किया गया है।
10 अक्टूबर को आम नागरिकों के लिए खुलेगा मार्ट
7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री द्वारा निवेशकों और उद्योगपतियों के साथ वन-ऑन-वन बैठकें की जाएंगी। 8 अक्टूबर को B2B मार्ट और प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन होगा। इसी दिन वन्यजीव पर्यटन, साहसिक पर्यटन और MICE उद्योग पर पैनल चर्चा एवं रणनीतिक कार्यशालाएं आयोजित होंगी।
9 अक्टूबर को व्यापारिक बैठकें और पुरस्कार समारोह होंगे। वहीं 10 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रदर्शनी को स्कूल-कॉलेज विद्यार्थियों, पर्यटन संस्थानों और आम नागरिकों के लिए निःशुल्क खोला जाएगा।
MPTM-2026 को मध्यप्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में निवेश, रोजगार, डिजिटल नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को बढ़ावा देने वाले महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।



































































