अनूपपुर 06 अक्टूबर 2026/ प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना ने पसान नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 10, भालूमड़ा निवासी दिलशाद अहमद के सब्जी व्यवसाय को आगे बढ़ाने में मदद की है। कई वर्षों से सब्जी विक्रय का कार्य कर रहे दिलशाद के लिए व्यवसाय में पूंजी बढ़ाने की जरूरत थी। नगरपालिका परिषद पसान से योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसके लिए पंजीयन कराया।
योजना के तहत दिलशाद को प्रथम चरण में 10 हजार रुपये का ऋण मिला। उन्होंने इस राशि से सब्जियों का स्टॉक बढ़ाया। समय पर ऋण चुकाने पर उन्हें द्वितीय चरण में 20 हजार रुपये तथा तृतीय चरण में 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। तीनों चरणों में कुल 80 हजार रुपये की ऋण सुविधा का लाभ लेकर उन्होंने अपने व्यवसाय को धीरे-धीरे मजबूत किया और सभी किश्तों का समय पर भुगतान किया।
व्यवसाय में डिजिटल भुगतान को भी अपनाया है, जिससे उन्हें कैशबैक का लाभ मिला। स्वनिधि से समृद्धि योजना के अंतर्गत परिवार की प्रोफाइलिंग के माध्यम से उन्हें अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ भी मिला है। वर्तमान में दिलशाद ने पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत क्रेडिट कार्ड के लिए भी आवेदन किया है।
दिलशाद बताते हैं कि योजना से मिली पूंजी ने उन्हें अपने व्यवसाय में जरूरत के अनुसार निवेश करने और उसे बेहतर ढंग से संचालित करने का अवसर दिया। अब वे अपने सब्जी व्यवसाय को और आगे बढ़ाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। योजना का लाभ मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त किया।




































































