इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में वित्तीय साक्षरता और साइबर सुरक्षा को लेकर एक दिवसीय कार्यक्रम का हुआ आयोजन विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

अमरकंटक, 05 अक्टूबर 2026। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक में सोमवार को प्रो. लक्ष्मण हावनूर ऑडिटोरियम में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग एवं बीमा सुविधाओं, धन की सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय परिसर स्थित बैंकों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न बीमा एवं बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, धन एवं वित्तीय सुरक्षा के महत्व तथा सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना सहित विभिन्न वित्तीय सुरक्षा योजनाओं के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। संबंधित बैंक अधिकारियों ने वित्तीय साक्षरता, बैंकिंग सेवाओं, बीमा सुविधाओं एवं शिक्षा ऋण से जुड़ी उपयोगी जानकारियां विद्यार्थियों के साथ साझा कीं
अधिष्ठाता, छात्र कल्याण प्रो. तरूण कुमार ठाकुर ने विद्यार्थियों को आर्थिक रूप से जागरूक रहते हुए अपने उज्ज्वल वित्तीय भविष्य की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। प्रभारी कुलपति प्रो. अवधेश कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से धन संचय करने, उपलब्ध बैंकिंग एवं बीमा सुविधाओं का उचित उपयोग करने तथा साइबर सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया
उन्होंने कहा कि वित्तीय रूप से जागरूक रहकर विद्यार्थी अपने भविष्य को अधिक सुरक्षित और सुदृढ़ बना सकते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को वित्तीय नियोजन, बैंकिंग सेवाओं, बीमा योजनाओं, शिक्षा ऋण और साइबर सुरक्षा से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई। जागरूकता कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को सुरक्षित वित्तीय व्यवहार अपनाने तथा ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतने का संदेश दिया
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति प्रो. अवधेश कुमार शुक्ला, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. तरूण कुमार ठाकुर, सहायक कुलसचिव (छात्रवृत्ति) डॉ. आदित्य कुमार श्रीवास्तव, संबेग बैद्य, नरेन्द्र यादव, सर्वेश कुमार चंदेल, शिक्षकगण, कर्मचारीगण, सिस्टम एनालिस्ट आशीष तिवारी, केनरा बैंक लालपुर एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया लालपुर के शाखा प्रबंधक तथा अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।


































































