बच्चों के संग बैठकर किया भोजन, खिल उठे नन्हे चेहरे

---Advertisement---

बच्चों के संग बैठकर किया भोजन, खिल उठे नन्हे चेहरे

मट्टा में सेवा संकल्प अभियान की दिखी आत्मीय तस्वीर

एमसीबी। सेवा केवल जरूरत पूरी करने का नाम नहीं बल्कि किसी के साथ कुछ पल अपनत्व के बिताना भी है। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत भरतपुर विकासखंड के ग्राम मट्टा में आयोजित न्योता भोज में इसी भावना की खूबसूरत झलक देखने को मिली। आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। अपने बीच बड़े लोगों को देखकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह मुख्य अतिथि तथा जनपद पंचायत भरतपुर अध्यक्ष मायाप्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ मंडल अध्यक्ष प्रदीप कुमार, महामंत्री हीरालाल यादव, सरपंच धरमपाल बैगा, महामंत्री रामाश्रय पाण्डेय सहित कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, एसडीएम भरतपुर शशि शेखर मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर स्वप्निल वर्मा और नेहा खलखो उपस्थित रहे

जब बच्चों के बीच पहुंचे जनप्रतिनिधि और अधिकारी

न्योता भोज के दौरान अतिथियों ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान बच्चों से बातचीत भी की और उनके साथ सहजता से समय बिताया। औपचारिकताओं से दूर यह आयोजन बच्चों के लिये किसी विशेष अवसर जैसा रहा। अतिथियों के साथ भोजन करते हुए बच्चे उत्साहित नजर आये और आंगनबाड़ी केंद्र का माहौल भी खुशनुमा बना रहा।

भोजन के साथ मिला स्नेह का उपहार

न्योता भोज का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ उनके बीच अपनत्व और सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना है। आयोजन में बच्चों को भोजन के साथ स्नेह और प्रोत्साहन भी मिला। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और विकास में समाज की सामूहिक भागीदारी महत्वपूर्ण है।

नन्हे बच्चों के नाम रहा दिन

मट्टा का यह आयोजन सेवा संकल्प अभियान के उस उद्देश्य को रेखांकित करता नजर आया जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों को बच्चों के बेहतर भविष्य से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ भोजन साझा करने की पहल ने पोषण के साथ सामाजिक जुड़ाव की तस्वीर प्रस्तुत की। नन्हे चेहरों पर बिखरी मुस्कान और अतिथियों का आत्मीय व्यवहार पूरे आयोजन की खास पहचान बना रहा

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment