कोयला भवन मुख्यालय में आज कोल इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एक विशेष समीक्षा-सह-संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीएमडी बीसीसीएल, श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर कोल इंडिया के निदेशक (तकनीकी) श्री अच्युत घटक, निदेशक (वित्त/मानव संसाधन) श्री राजेश कुमार, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री राजीव कुमार सिन्हा, कार्यकारी निदेशक (उत्पादन) कोल इंडिया श्री आनंद सहित कोयला भवन मुख्यालय के महाप्रबंधकगण एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकों, क्षेत्रीय अधिकारियों एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।
बैठक में कंपनी के प्रमुख प्रदर्शन सूचकांकों, भौतिक एवं वित्तीय प्रदर्शन, उत्पादन, वॉशरी प्रदर्शन, सुरक्षा, बिक्री एवं गुणवत्ता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से कंपनी के वर्तमान प्रदर्शन तथा परिचालन दक्षता में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। इसके अलावा परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन, उत्पादन वृद्धि, गुणवत्ता सुधार, सुरक्षा मानकों के अनुपालन, लागत नियंत्रण तथा तकनीकी नवाचार पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर सीएमडी श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि कंपनी सभी प्रमुख परिचालन सूचकांकों पर प्रगति के साथ सकारात्मक एवं दूरदर्शी दृष्टिकोण के साथ निरंतर कार्य कर रही है। नई परियोजनाओं, वॉशरी संचालन एवं उत्पादन, कोयले की गुणवत्ता, लागत नियंत्रण, तकनीकी नवाचार तथा संसाधनों के बेहतर उपयोग के माध्यम से समग्र प्रदर्शन को और सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप वॉशरी फीड एवं वॉश्ड कोल उत्पादन में वृद्धि हुई है तथा कोयले की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। उन्होंने गुणवत्ता नियंत्रण को और मजबूत करने तथा परियोजनाओं एवं प्रमुख कार्यों की प्रभावी निगरानी के माध्यम से समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर बल दिया और कहा कि कंपनी वित्तीय वर्ष के उत्पादन लक्ष्यों को हासिल करते हुए समग्र प्रगति की ओर निरंतर अग्रसर रहेगी।
निदेशक (तकनीकी) कोल इंडिया, श्री अच्युत घटक ने कहा कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कोयले का निर्बाध उत्पादन जारी रखना तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति कंपनी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने गुणवत्ता सुधार की दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए इसकी निरंतरता बनाए रखने तथा उत्पादन के साथ वॉशरी फीड एवं वॉश्ड कोल के प्रदर्शन को और बेहतर करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पावर सेक्टर सहित विभिन्न क्षेत्रों में कोयले की बढ़ती मांग का समुचित लाभ उठाते हुए कंपनी को उत्पादन एवं डिस्पैच बढ़ाने तथा लाभप्रदता को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
बैठक के दौरान अधिकारियों द्वारा विभिन्न परिचालन क्षेत्रों से संबंधित विषयों पर अपने सुझाव एवं अनुभव भी साझा किए गए। बैठक में व्यक्त विचारों एवं सुझावों के माध्यम से कंपनी के प्रदर्शन को निरंतर सुदृढ़ करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सामूहिक एवं परिणामोन्मुख प्रयासों की आवश्यकता को रेखांकित किया गया।
बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।