जैतहरी में गांजा तस्करों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, तीन ठिकानों पर एक साथ दबिश

---Advertisement---

जैतहरी में गांजा तस्करों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, तीन ठिकानों पर एक साथ दबिश

उड़ीसा से गांजा लेकर पहुंचे तीन तस्कर गिरफ्तार, 14.888 किलो गांजा जब्त — करीब 7.27 लाख रुपये का मादक पदार्थ बरामद

जैतहरी। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जैतहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 14.888 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 27 हजार 150 रुपये बताई गई है। तीनों आरोपी उड़ीसा के बौध जिले के रहने वाले हैं और गांजा बिक्री के उद्देश्य से जैतहरी क्षेत्र में पहुंचे थे।

पुलिस के अनुसार 11 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा राज्य से गांजा तस्कर मादक पदार्थ लेकर जैतहरी थाना क्षेत्र के वेंकटनगर और आसपास के इलाकों में बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई के लिए थाना जैतहरी और पुलिस सहायता केन्द्र वेंकटनगर से तीन अलग-अलग टीमें गठित की गईं।

तीन स्थानों पर एक साथ घेराबंदी

पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू की। पहली कार्रवाई ग्राम मुण्डा गढ़ियाटोला स्थित कचरा घर के पास गढ़ियाटोला जाने वाले रास्ते के किनारे की गई। दूसरी कार्रवाई आमाडांड तिराहा स्थित यात्री प्रतीक्षालय, ग्राम आमाडांड में की गई। वहीं तीसरी कार्रवाई मुण्डा जरोधा टोला मेन रोड किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय, ग्राम मुण्डा में की गई।

तीनों स्थानों से पुलिस ने अलग-अलग आरोपियों को पकड़ा और उनके कब्जे से गांजा बरामद किया।

आरोपियों से इतनी मात्रा में गांजा बरामद

पुलिस के मुताबिक कैबल मुना पिता सिधेश्वर मुना, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम सिलेटपारा, थाना घंटापारा, जिला बौध, उड़ीसा के कब्जे से 5.430 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये है।

इसी तरह रसीका दीप पिता हरि दीप, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम रिगांपारा, थाना घंटापारा, जिला बौध, उड़ीसा के कब्जे से 6 किलो 543 ग्राम गांजा जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 27 हजार 150 रुपये बताई गई है।

तीसरे आरोपी बिभार पिता टीकेधर बिभार, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम रेघामुण्डा, थाना घंटापारा, जिला बौध, उड़ीसा के कब्जे से पैकेट सहित 2.915 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये है।

इस प्रकार तीनों आरोपियों से कुल 14.888 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना जैतहरी में पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज किए हैं। आरोपियों का कृत्य धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा सभी प्रकरणों को विवेचना में लिया गया है और गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्रवाई में प्रवीण साहू, सुरेश अहिरवार, विनोद विश्वकर्मा, बलराम पैकरा, मनोज सिंह, विजय टाटू और घनश्याम का भी योगदान रहा।

पुलिस की एक साथ तीन स्थानों पर की गई कार्रवाई से गांजा तस्करों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही गई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment