संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली/पवित्र नगरी अमरकंटक में पार्किंग शुल्क वसूली की व्यवस्था को लेकर स्थानीय नागरिकों , श्रद्धालुओं और पर्यटकों में नाराजगी बढ़ रही है ।
आरोप है कि नर्मदा के दक्षिण तट (इंद्र दमन तालाब) पास और जैन मंदिर पार्किंग क्षेत्र से बाहर सड़क पर वाहनो को रोककर पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है जबकि कई वाहन केवल मार्ग से गुजर रहे होते हैं ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग शुल्क केवल उन वाहनों से लिया जाना चाहिए जो निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े किए जाते हैं । नर्मदा पुल पार कर यात्री सोनमुड़ा , माई की बगिया , धूनीपानी , भृगु कमंडल , विद्यालय सहित कई क्षेत्रों के लिए आवागमन होता है , जिससे आम नागरिक भी प्रभावित हो रहे हैं ।
नागरिकों ने यह भी सवाल उठाया है कि जब नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों की कमी की बात करती है तो पार्किंग शुल्क वसूली के लिए कर्मचारियों की तैनाती कैसे की जा रही है । वहीं पूर्व में इलेक्ट्रॉनिक मशीनों से होने वाली शुल्क वसूली की जगह कागजी रसीदों के उपयोग से पारदर्शिता पर भी प्रश्न उठ रहे हैं ।
श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि पार्किंग व्यवस्था को नियमों के अनुरूप , पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाया जाए तथा शुल्क वसूली केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों तक ही सीमित रखी जाए ताकि श्रद्धालुओं , पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े ।

















