अनूपपुर। नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक 09 स्थित यादव रंजीत दफाई (मोहाड़ा) के रहवासी कई वर्षों से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। लंबे समय से क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में वार्ड के निवासी नईम अंसारी के घर के सामने कराए गए बोरवेल में पर्याप्त पानी मिलने के बाद क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था की उम्मीद जगी है। वार्ड क्रमांक 07 के पार्षद एवं समाजसेवी पवन चीनी के सहयोग से नगर परिषद द्वारा इस बोरवेल से यादव रंजीत दफाई तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, ताकि जल्द से जल्द वार्डवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
पार्षद पवन चीनी ने कहा कि वार्ड में स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद के साथ-साथ वार्डवासियों का सहयोग भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की हर समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव सहयोग करेंगे।नगर परिषद की मुख्य नगर परिषद अधिकारी (सीएमओ) शिवांगी सिंह बघेल द्वारा भी वार्ड के विकास एवं पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्य कराए जा रहे हैं। वार्डवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए सीएमओ शिवांगी सिंह बघेल एवं पार्षद पवन चीनी के प्रति आभार व्यक्त किया है।



































