रामनगर पुलिस की बड़ी सफलता: विशेष अभियान में तीन गुमशुदा सकुशल मिले, परिजनों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
अनूपपुर। जिले में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामनगर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास और प्रभावी खोजबीन के बाद तीन गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल दस्तयाब कर वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस सफलता से परिवारों ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मारकाम तथा एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के निर्देशन में थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। तलाश अभियान में एएसआई विनोद नाहर एवं आरक्षक मूरत सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 13/26 के तहत बरतराई निवासी 27 वर्षीय शंभु केवट, गुम इंसान क्रमांक 16/26 के तहत हर्री निवासी 45 वर्षीय शमनी देवी तथा गुम इंसान क्रमांक 18/26 के तहत सेमरा निवासी 18 वर्षीय महिका केवट को सुरक्षित खोज निकाला।
पुलिस ने तीनों गुमशुदाओं को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अभियान के तहत रामनगर पुलिस लगातार गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में जुटी है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर परिवारों को राहत पहुंचाने का प्रयास कर रही है।




































