अनूपपुर। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को बिजुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जबलपुर से सकुशल दस्तयाब कर लिया है। मामले में आरोपी प्रदीप महरा निवासी दमोह को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार 12 जून की रात नाबालिग बालिका घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर बिजुरी थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पता चला कि बालिका इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के कारण आरोपी के बहकावे में आकर उसके साथ चली गई थी।
सायबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने बेलखेड़ा, जबलपुर पहुंचकर बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने और किसी भी संदिग्ध जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी बिजुरी निरीक्षक विकास सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही, वहीं प्रदीप अग्निहोत्री, मनोज उपाध्याय, संगम तोमर, राजेन्द्र अहिरवार एवं पंकज मिश्रा ने कार्रवाई में सहयोग किया।















