खनिक अभिनंदन दिवस 2026: एनसीएल परिवार ने श्रमवीरों को किया नमन, उत्कृष्ट कर्मी हुए सम्मानित

---Advertisement---

खनिक अभिनंदन दिवस 2026: एनसीएल परिवार ने श्रमवीरों को किया नमन, उत्कृष्ट कर्मी हुए सम्मानित

सिंगरौली। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में शुक्रवार को ‘खनिक अभिनंदन दिवस-2026’ का शुभारंभ मुख्यालय सहित सभी परियोजनाओं, क्षेत्रों एवं इकाइयों में गरिमामय आयोजन के साथ हुआ। इस अवसर पर एनसीएल परिवार ने देश की ऊर्जा आपूर्ति में अहम भूमिका निभाने वाले श्रमवीरों को नमन करते हुए उनके योगदान को कृतज्ञतापूर्वक स्मरण किया।

एनसीएल मुख्यालय प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शहीद स्मारक एवं खनिक प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर ऊर्जा वीरों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान भारत सरकार के कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी द्वारा कोल इंडिया परिवार के नाम भेजे गए संदेश का वाचन महाप्रबंधक (कल्याण) श्री राजेश त्रिवेदी ने किया। मंत्री के संदेश में देश की ऊर्जा सुरक्षा में कोयला श्रमिकों के योगदान को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए उनके समर्पण, साहस और परिश्रम की सराहना की गई।

कार्यक्रम में एनसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री बी. साईराम का संदेश भी पढ़ा गया, जिसमें उन्होंने खनिकों को कंपनी की शक्ति और राष्ट्र की ऊर्जा रीढ़ बताते हुए उनके श्रम, अनुशासन और समर्पण को एनसीएल की प्रगति का मूल आधार बताया। उन्होंने कहा कि खनिकों की मेहनत ही देश के उद्योग, बिजली उत्पादन और विकास की धुरी है।

मुख्यालय स्तरीय कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार, निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी) श्री आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय कुमार जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। श्रमिक संगठनों के संयुक्त सलाहकार समिति (जेसीसी) सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इनमें सीएमएस से श्री अजय कुमार, बीएमएस से श्री अशोक कुमार मिश्रा, आरसीएसएस से श्री राम प्रताप सिंह, एचएमएस से श्री अशोक कुमार पाण्डेय तथा सीएमओएआई महासचिव श्री सर्वेश सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान एनसीएल मुख्यालय के विभिन्न विभागों में कार्यरत उत्कृष्ट कर्मियों को उनके उल्लेखनीय प्रदर्शन, अनुकरणीय कार्यशैली और उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके समर्पण और कार्यनिष्ठा की सराहना की गई। इस सम्मान समारोह ने न केवल कर्मियों का उत्साहवर्धन किया, बल्कि अन्य कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित किया।

खनिक अभिनंदन दिवस के अवसर पर एनसीएल की सभी परियोजनाओं, इकाइयों और क्षेत्रों में भी विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न स्थलों पर खनिकों का सम्मान, सांस्कृतिक आयोजन, श्रमिक संवाद, सुरक्षा संकल्प और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों के सम्मान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से श्रमिकों के योगदान को रेखांकित किया गया।

उल्लेखनीय है कि ‘खनिक अभिनंदन दिवस-2026’ का केंद्रीय समारोह एनसीएल स्टेडियम, सिंगरौली में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों के उत्कृष्ट कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही खनिकों के अद्वितीय योगदान को सम्मान देने के लिए विशेष सांस्कृतिक एवं प्रेरक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

‘खनिक अभिनंदन दिवस’ केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उन श्रमवीरों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है, जिनकी अथक मेहनत से देश का ऊर्जा तंत्र निरंतर गतिमान है। एनसीएल परिवार ने इस अवसर पर एक स्वर में अपने श्रमिकों को नमन करते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

May 1, 2026

May 1, 2026

May 1, 2026

May 1, 2026

May 1, 2026

May 1, 2026

Leave a Comment