अनूपपुर 21 अप्रैल 2026/ जिले में बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के मार्गदर्शन में ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत कोतमा के अंतर्गत ग्राम पंचायत निगरानी, चंगेरी एवं बगहाटोला में राहगीरों तथा आमजनों की सुविधा हेतु प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर निशुल्क प्याऊ स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों की स्थापना मुख्य मार्गों और आवागमन वाले क्षेत्रों में की गई है, जिससे लंबी दूरी तय करने वाले मुसाफिरों और स्थानीय ग्रामीणों को भीषण गर्मी में तत्काल राहत मिल सके।
कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल की उपलब्धता निरंतर बनी रहे। स्थानीय प्रबंधन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्याऊ स्थलों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए और मटकों व जल-पात्रों की नियमित सफाई की जाए। जनहित में की गई इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को लू और निर्जलीकरण से बचाना है, जिससे क्षेत्र के श्रमिकों और राहगीरों को इस कठिन मौसम में पेयजल के लिए असुविधा का सामना न करना पड़े।


















































