अमलाई में 4 अप्रैल को युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया का प्रथम आगमन, कार्यकर्ताओं में उत्साह
अमलाई। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का अनूपपुर जिले के अंतर्गत अमलाई नगर में 4 अप्रैल को प्रथम आगमन होने जा रहा है। उनके आगमन को लेकर युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है और भव्य स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं।
जानकारी के अनुसार युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया के स्वागत के लिए अमलाई नगर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह स्वागत समारोह अतिरिक्त भवन के पास रखा गया है, जहां बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहेंगे।
विधानसभा युवक कांग्रेस अनूपपुर के अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष का ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। सैफ रिजवी ने बताया कि हमारे लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश अध्यक्ष का क्षेत्र में प्रथम आगमन हो रहा है। इस अवसर को यादगार बनाने के लिए युवक कांग्रेस के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर संगठन की मजबूती, युवाओं की भागीदारी और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर भी चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल होकर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर अमलाई सहित पूरे अनूपपुर जिले के युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और सभी कार्यकर्ता कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।





























































