मनेन्द्रगढ़। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के हालिया बयान पर कांग्रेस ने कड़ा प्रतिवाद करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यशैली को कठघरे में खड़ा किया है। जिला एमसीबी कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि मंत्री के दावे जमीनी हकीकत से कोसों दूर हैं।
अशोक श्रीवास्तव ने तंज कसते हुए कहा कि मंत्री जी की पहचान केवल भूमिपूजन तक सीमित रही है। विधायक रहते हुए वे जहां-तहां शिलान्यास करते रहे लेकिन उन योजनाओं का धरातल पर कोई ठोस परिणाम आज तक नजर नहीं आया। उन्होंने इसे जनता को भ्रमित करने की राजनीति बताया। उन्होंने भाजपा के 15 वर्षों के शासनकाल को याद दिलाते हुए कहा कि उस दौरान क्षेत्र की उपेक्षा हुई। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह द्वारा क्षेत्र को गोद लेने के बावजूद विकास कार्य अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सके। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल रहीं और आमजन को बुनियादी सुविधाओं के लिये संघर्ष करना पड़ा।
कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि सीमित समय में कांग्रेस सरकार ने विकास की मजबूत नींव रखी। मनेन्द्रगढ़ को जिला बनाना, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े संस्थानों की स्थापना, सड़कों का विस्तार और अस्पतालों का उन्नयन ये सभी कांग्रेस शासन की प्रमुख उपलब्धियां हैं जिनका लाभ आज जनता को मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पुराने कार्यों का श्रेय लेने में लगी हुई है जबकि खुद की कोई नई उपलब्धि सामने नहीं रख पा रही। बार-बार एक ही योजनाओं का भूमिपूजन कर जनता को गुमराह किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की स्थिति पर भी उन्होंने चिंता जताई। उनके अनुसार ग्रामीण अस्पतालों में दवाइयों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं और डॉक्टरों की कमी लगातार बढ़ रही है जिससे व्यवस्था प्रभावित हो रही है। अंत में अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार को आत्ममंथन की जरूरत है। जनता अब दिखावे की राजनीति से ऊपर उठकर जवाब मांग रही है और कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।









