आईजीएनटीयू में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कार्यक्रम का समापन, विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर दिया गया जोर
अमरकंटक। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू) में “Women in Science: Catalysing Viksit Bharat” थीम के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान दिवस कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी कुलपति प्रो. ब्योमकेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में तथा मध्य प्रदेश काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (एमपीसीएसटी), भोपाल के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें पोस्टर निर्माण, रंगोली, वाद-विवाद, क्विज प्रतियोगिता तथा वैज्ञानिक फिल्म प्रदर्शन जैसी गतिविधियाँ शामिल रहीं। इन कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विशेष रूप से मॉडल ट्राइबल स्कूल के शिक्षक एवं विद्यार्थियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया। विद्यार्थियों ने विज्ञान आधारित गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए विज्ञान के प्रति अपनी जिज्ञासा और रचनात्मकता का परिचय दिया।
इस अवसर पर प्रो. तरुण कुमार ठाकुर, प्रो. विजय परमानिक, प्रो. पार्थ सारथी बनर्जी तथा डॉ. देश दीपक चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विज्ञान के महत्व और वैज्ञानिक सोच के विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर नवाचार और शोध की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए, जिससे देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन और समन्वय संदीप कौशिक द्वारा किया गया, जबकि पूरे आयोजन का मार्गदर्शन प्रो. टी. सेकर ने किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों की सराहना करते हुए आयोजकों ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।







