एसईसीएल इंदिरा विहार में महिला दिवस व होली मिलन समारोह, महिलाओं ने लिया उत्साह से भाग
एसईसीएल इंदिरा विहार स्थित महिला कल्याण समाज द्वारा 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसईसीएल के उप महाप्रबंधक शेख जाकिर हुसैन उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुण अग्रवाल ने महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर और यूट्रस कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर समाज सेविका लता गुप्ता, विनीता राव और सुनीता मणिपुरी ने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार साझा किए। वहीं कृति गंगाजली ने नारी शक्ति पर अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत कर उपस्थित महिलाओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिला कल्याण समाज की सचिव माधुरी तिवारी के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में सहसचिव रेहाना खान सहित महिला कल्याण समाज की कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें गीत-संगीत, नृत्य और रंग-गुलाल के साथ महिलाओं ने होली का उत्सव मनाया। प्रीति, रवि और रजनी के मनमोहक नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला।






