हैदराबाद से लौटे मजदूर से लूट का खुलासा: चार आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल व नगदी बरामद

---Advertisement---

हैदराबाद से लौटे मजदूर से लूट का खुलासा: चार आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल व नगदी बरामद

अनूपपुर। कोतवाली पुलिस ने हैदराबाद से मजदूरी कर लौट रहे एक युवक से मोबाइल और नगदी लूटने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगदी बरामद कर ली है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बैहाटोला थाना बिजुरी निवासी राकेश कुमार केवट ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह हैदराबाद से मजदूरी कर अपने साथी चमनलाल केवट के साथ ट्रेन से अनूपपुर पहुंचा था। घर बिजुरी जाने के लिए ट्रेन लेट होने के कारण दोनों पुरानी सब्जी मंडी स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालय परिसर गए थे। इसी दौरान चार युवकों ने बियर की टूटी बोतल पेट में अड़ाकर धमकाते हुए उसका वीवो कंपनी का लगभग 19 हजार रुपये कीमत का मोबाइल और 1400 रुपये नगद लूट लिया तथा मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

मामले में कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 142/26 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद जैन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और धर्मेंद्र वंशकार, राज वंशकार, भीमसेन उर्फ भिम्मा वंशकार तथा राहुल वंशकार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 1400 रुपये नगद बरामद किए हैं।

पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पूर्व में भी चोरी, अवैध उगाही, मारपीट और धमकी जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पूरी कार्रवाई में पवन प्रजापति, संतोष वर्मा, शेख रसीद, विनय बैस, अमित यादव और अब्दुल कलीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment