होली से पहले सख्ती: सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते 6 लोगों पर रामनगर पुलिस की कार्रवाई
रामनगर। होली पर्व के मद्देनज़र क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना रामनगर पुलिस द्वारा विशेष निगरानी और गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 6 व्यक्तियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर शराब का सेवन करते पाए गए आरोपियों के विरुद्ध धारा 36(2) आबकारी एक्ट के तहत एफआईआर पंजीबद्ध की गई है। आरोपियों से शराब पीने में प्रयुक्त डिस्पोजल गिलास, आधी भरी शराब की पाव, पानी की बोतल सहित अन्य सामग्री जब्त की गई।
इस संबंध में थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 54/26, 55/26, 56/26, 57/26, 58/26 एवं 59/26 कायम किए गए हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि होली पर्व के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर शांति व्यवस्था भंग न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





























































