30 घंटे में खुला गौवंश हत्या का मामला, पांच आरोपी गिरफ्तार

---Advertisement---

30 घंटे में खुला गौवंश हत्या का मामला, पांच आरोपी गिरफ्तार

पोड़ी बचरा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्यवाही, गौमांस के अवशेष समेत टांगी और चाकू बरामद

बैकुंठपुर। कोरिया जिले के चौकी पोड़ी बचरा क्षेत्र में गौवंश की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रथम सूचना दर्ज होने के महज 30 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गौमांस के अवशेष और वारदात में प्रयुक्त टांगी और चाकू बरामद कर जब्त किया हैं।
मामला 26 सितंबर 2026 का है। ग्राम पोड़ी कंवरपारा के पीछे गड्ढे वाले खेत में गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना पर सरपंच सुशीला पति जय प्रकाश सिंह निवासी पोड़ी बरपारा ने पुलिस को सूचना दी। रिपोर्ट पर चौकी पोड़ी बचरा थाना बैकुंठपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के मार्गदर्शन और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड, साइबर सेल और चौकी पोड़ी बचरा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ तकनीकी जानकारी का विश्लेषण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ करते हुए संदिग्धों तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान पुलिस ने संजय कुमार कुर्रे, धर्मेन्द्र कुर्रे, सुभाष कुर्रे, विक्की उर्फ अमन कुमार कुर्रे, सभी निवासी पोड़ी बैरडांड और एक नाबालिग को पूछताछ के लिये तलब किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की मौजूदगी में गौमांस के अवशेष, टांगी और चाकू बरामद कर जब्त किये गये। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं। पांचों आरोपियों को 28 सितंबर को वैधानिक रूप से गिरफ्तार किया गया और 29 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

संयुक्त टीम की कार्यवाही से मिली सफलता

पूरी कार्यवाही में चौकी प्रभारी लवांग सिंह, सउनि एलसी कश्यप, प्रधान आरक्षक सुनील कुमार साहू, चालक सूरज यादव, आरक्षक अजय कुमार सिंह, महिला सैनिक राजकुमारी सहित चौकी पोड़ी बचरा के पुलिसकर्मियों और साइबर सेल प्रभारी अमोल खलखो, आरक्षक सजल जायसवाल, अमरेश नंद ठाकुर, राजेश रगड़ा और अमल कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोरिया पुलिस ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के साथ साइबर अपराध, महिला संबंधी अपराध और पशु क्रूरता जैसे मामलों में त्वरित और वैधानिक कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment