युवा नेतृत्व से जैतहरी नगर को मिल रही नई दिशा : विसाहूलाल सिंह
नमो फिटनेस एवं नरेंद्र मोदी स्टेडियम उन्नयन कार्य का हुआ लोकार्पण
अनूपपुर। नगर परिषद जैतहरी में 16 जुलाई 2026 को नमो फिटनेस सेंटर एवं नरेंद्र मोदी स्टेडियम उन्नयन कार्य का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं अनूपपुर विधायक विसाहूलाल सिंह रहे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, पूर्व जिला अध्यक्ष वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल गुप्ता एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद जैतहरी अध्यक्ष उमंग गुप्ता ने की।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष आधाराम वैश्य, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर,नगर पालिका परिषद पसान अध्यक्ष राम अवध सिंह, नगर परिषद डूमर कछार अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार चौरसिया, भाजपा जिला महामंत्री श्याम नारायण शुक्ला, सिद्धार्थ शिव सिंह, जिला उपाध्यक्ष मदन त्रिपाठी, कार्यालय मंत्री चंद्रिका द्विवेदी, जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य रंजीत सर्राते, मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर, सत्यनारायण सोनी, धीरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक विसाहूलाल सिंह ने कहा कि नगर परिषद जैतहरी के युवा अध्यक्ष उमंग गुप्ता अपने दूरदर्शी नेतृत्व और युवा सोच के साथ नगर के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि नमो फिटनेस सेंटर में आधुनिक व्यायाम उपकरणों की उपलब्धता से युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का अवसर मिलेगा। वहीं उन्नत नरेंद्र मोदी स्टेडियम क्षेत्र में खेल गतिविधियों को नई पहचान देगा और संभाग के लिए एक आदर्श मॉडल साबित होगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अध्यक्ष उमंग गुप्ता ने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए हैं, जिनका सीधा लाभ नगरवासियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जैतहरी में विकास की जो गति दिखाई दे रही है, वह जिले के अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता तथा नगर परिषद अध्यक्ष उमंग गुप्ता ने कहा कि उनका संकल्प जैतहरी नगर को स्वच्छ, सुंदर, सुसज्जित एवं सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त आदर्श नगर बनाना है। इसी उद्देश्य से लगातार जनहित के विकास कार्य कराए जा रहे हैं और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने नगर परिषद द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की उपस्थिति रही।उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा प्रदान की गई।




































