वर्षा ऋतु में मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील

---Advertisement---

 

अनूपपुर 10 अगस्त 2026/ वर्षा ऋतु में मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। सीएमएचओ ने बताया कि बारिश के मौसम में सर्दी, खांसी, बुखार, वायरल संक्रमण, दस्त, उल्टी, टाइफाइड सहित जलजनित एवं खाद्यजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में नागरिक स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का विशेष ध्यान रखें।

स्वास्थ्य विभाग ने ताजा एवं स्वच्छ भोजन का सेवन करने, भोजन को ढंककर रखने तथा खुले में बिकने वाले, बासी एवं अधिक तले-भुने खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दी है। पीने के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी का ही उपयोग करें। घर एवं आसपास स्वच्छता बनाए रखें तथा जलभराव न होने दें, ताकि मच्छरों के पनपने की संभावना को कम किया जा सके।

सर्दी, खांसी या जुकाम से पीड़ित व्यक्ति खांसते अथवा छींकते समय मुंह और नाक को रुमाल, टिश्यू या मास्क से ढकें, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बुखार, लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी, दस्त, उल्टी या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और स्वयं दवा लेने के बजाय निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्था में चिकित्सकीय परामर्श लेकर उचित उपचार प्राप्त करें।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment