विश्व पर्यावरण दिवस पर सीसीएल की अनूठी पहल

---Advertisement---

 

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीसीएल की अनूठी पहल

500 फलदार पौधों का वितरण, पर्यावरण जागरूकता क्विज से दिया हरित भविष्य का संदेश

रांची। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय रांची में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत कर्मचारियों के बीच 500 फलदार पौधों का वितरण किया गया तथा पर्यावरण जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कर हरित भविष्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया

 

कार्यक्रम में निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चंद्र शेखर तिवारी एवं निदेशक (योजना एवं परियोजना) श्री अनुप हंजुरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान कर्मचारियों को आंवला, अनार, अमरूद, सीताफल, आम सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधे वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित करने का सशक्त प्रयास है।

पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरणीय चुनौतियों और सतत विकास जैसे विषयों पर प्रतिभागियों का ज्ञान बढ़ाया गया। इस पहल ने कर्मचारियों में पर्यावरणीय दायित्वों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।

अपने संबोधन में श्री चंद्र शेखर तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। ऐसे में वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

वहीं श्री अनुप हंजुरा ने कर्मचारियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों को संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर पौधा भविष्य की हरियाली और स्वच्छ वातावरण की नींव है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। यह आयोजन विश्व पर्यावरण दिवस-2026 की थीम “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसने पर्यावरणीय उत्तरदायित्व और सतत विकास के प्रति सीसीएल की प्रतिबद्धता को मजबूती से प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और हरित विकास के संदेश के साथ हुआ। सीसीएल प्रबंधन ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन का संकल्प दोहराया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment