विश्व हृदय दिवस पर चिकित्सकों को ECG की बारीकियों का प्रशिक्षण

---Advertisement---

विश्व हृदय दिवस पर चिकित्सकों को ECG की बारीकियों का प्रशिक्षण

सीने में दर्द वाले मरीजों का 10 मिनट के भीतर ECG करने पर जोर

हार्ट अटैक की जल्द पहचान पर दिया गया प्रशिक्षण

मनेन्द्रगढ। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर हृदय रोगों की समय पर पहचान और उपचार की दिशा में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिले के चिकित्सा अधिकारियों के लिये विशेष ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। 28 सितंबर को आयोजित प्रशिक्षण में “How to Read ECG – Essentials of ECG Interpretation” विषय पर चिकित्सकों को ECG की जांच और उसकी रिपोर्ट को समझने की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन तथा जिला नोडल अधिकारी, NCD डॉ. नम्रता चक्रवर्ती के समन्वय में किया गया। प्रशिक्षण में डॉ. अनुराग तिवारी (MBBS, DNB General Medicine) ने चिकित्सकों को ECG के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए हृदय संबंधी गंभीर स्थितियों की समय रहते पहचान के तरीके बताये।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न केस और ECG के उदाहरणों के माध्यम से चिकित्सकों को रिपोर्ट का व्यवस्थित तरीके से अध्ययन करने तथा मरीज की स्थिति के अनुरूप तत्काल चिकित्सकीय निर्णय लेने का अभ्यास कराया गया। विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि सीने में दर्द की शिकायत लेकर स्वास्थ्य संस्था पहुंचने वाले मरीज का ECG जल्द से जल्द किया जाना चाहिये। ऐसे मरीजों में 10 मिनट के भीतर ECG करने से हार्ट अटैक की पहचान में होने वाली देरी को कम किया जा सकता है

चिकित्सकों को यह भी बताया गया कि हार्ट अटैक के लक्षण सभी मरीजों में एक जैसे नहीं होते। खासकर मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित मरीजों में सीने में सामान्य दर्द के बजाय पेट के ऊपरी हिस्से में बेचैनी या जलन, उल्टी अथवा अन्य असामान्य लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षणों को सामान्य मानकर नजरअंदाज करने के बजाय समय पर जांच कराना जरूरी है

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत चिकित्सकों की हृदय संबंधी आपात स्थितियों को पहचानने और तत्काल आवश्यक कदम उठाने की क्षमता को मजबूत करना है। इससे हार्ट अटैक की शीघ्र पहचान, समय पर प्राथमिक उपचार और जरूरत पड़ने पर मरीज को उच्च स्वास्थ्य संस्था में त्वरित रेफरल की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

हृदय स्वास्थ्य को लेकर आमजन से जागरूक रहने की अपील

विश्व हृदय दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से भी अपने हृदय के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की। नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित आहार, तंबाकू से दूरी तथा रक्तचाप और मधुमेह की नियमित जांच को हृदय स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया गया

विभाग ने लोगों से अपील की कि सीने में दर्द, अत्यधिक पसीना, सांस फूलना, घबराहट या अचानक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर इसे नजरअंदाज ना करें और बिना देरी किये नजदीकी स्वास्थ्य संस्था में संपर्क करें। समय पर जांच और उपचार हृदय संबंधी आपात स्थिति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

September 29, 2026

September 29, 2026

September 29, 2026

September 29, 2026

September 29, 2026

September 29, 2026

Leave a Comment