विशेष अभियान 6 के तहत डीपीएस कार्मिक नगर में छात्राओं के लिए स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

---Advertisement---

विशेष अभियान 6 के अंतर्गत आज कल्याण विभाग बीसीसीएल द्वारा दिल्ली पब्लिक स्कूल कार्मिक नगर में छात्राओं के लिए मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सर्वाइकल हेल्थ विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम-सह-सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की कक्षा 8वीं से 12वीं तक की लगभग 250 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा सेंट्रल हॉस्पिटल, बीसीसीएल की विशेषज्ञ चिकित्सकों से इन विषयों के विभिन्न पहलुओं एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर उपयोगी जानकारी और मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम में प्राचार्या डॉ. सरिता सिन्हा, विभागाध्यक्ष (कल्याण) बीसीसीएल, श्रीमती किरण रानी नायक, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिल्पी सिंह एवं डॉ. नेहा भटनागर, उप-प्राचार्या श्रीमती कल्याणी प्रसाद सहित विद्यालय के शिक्षकगण तथा बीसीसीएल के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में प्राचार्या डॉ. सरिता सिन्हा ने कहा कि किशोरावस्था में बालिकाओं को मासिक धर्म, व्यक्तिगत स्वच्छता और इससे संबंधित विभिन्न विषयों की सही एवं वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करना एक महत्वपूर्ण विषय है तथा ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करने, उनसे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग और आत्मविश्वासी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक ने कहा कि किशोरियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए जागरूकता, सही जानकारी और समय पर चिकित्सकीय परामर्श महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म स्वाभाविक जैविक प्रक्रिया है और इससे संबंधित विषयों पर सहजता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ चर्चा की जानी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति सजग रहने, स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर अपने परिजनों से खुलकर संवाद करने और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के दौरान पॉवरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिल्पी सिंह ने मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा सर्वाइकल स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सामान्य शारीरिक परिवर्तनों को समझने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह के लिए छात्राओं को प्रेरित किया। साथ ही, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, उससे संबंधित जागरूकता एवं टीकाकरण के महत्व पर भी छात्राओं का मार्गदर्शन किया। प्रस्तुति के माध्यम से मासिक धर्म से जुड़ी प्रचलित भ्रांतियों और मिथकों के संबंध में वैज्ञानिक एवं तथ्यपरक जानकारी साझा की गई, ताकि छात्राएं इस विषय को लेकर अधिक जागरूक और सहज हो सकें।

इसके उपरांत आयोजित संवादात्मक सत्र में डॉ. नेहा भटनागर ने छात्राओं की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान किया। इस दौरान मासिक धर्म स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक बदलावों तथा सर्वाइकल स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

विशेष अभियान 6 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में किशोरावस्था के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा जागरूकता बढ़ाना रहा। बीसीसीएल इन पहलों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता को प्रोत्साहित करने और समाज में स्वस्थ जीवनशैली एवं सकारात्मक स्वास्थ्य व्यवहार को बढ़ावा देने में निरंतर योगदान दे रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment