भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) में विशेष अभियान 6 के क्रियान्वयन चरण के अंतर्गत स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं कार्यस्थलों को सुव्यवस्थित बनाने से संबंधित विभिन्न गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज वाशरी डिवीजन के विभिन्न विभागों में चिन्हित स्थानों तथा सीसीडब्ल्यूओ मिडिल स्कूल में डस्टबिन (कचरा पात्र) वितरित किए गए।
इस पहल का उद्देश्य कार्यालय एवं शैक्षणिक परिसर में कचरे के उचित संग्रहण और पृथक्करण को बढ़ावा देना तथा स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखने में सहयोग करना रहा। कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक (वाशरी) श्री सोहेल इकबाल एवं क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन) उपस्थित रहे। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सहभागिता की और अपने कार्यस्थल एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अधिकारियों ने इस पहल के माध्यम से कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दैनिक व्यवहार में जिम्मेदार कचरा प्रबंधन की आदत विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि डस्टबिन की उपलब्धता से कचरे के व्यवस्थित संग्रहण तथा उसके उचित निस्तारण की प्रक्रिया को प्रोत्साहन मिलेगा।
विदित हो कि विशेष अभियान 6 के अंतर्गत बीसीसीएल के अन्य क्षेत्रों एवं इकाइयों में भी स्वच्छता, कार्यालय एवं परिसर की साफ-सफाई तथा कचरा प्रबंधन से संबंधित विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने की संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।






































































