- आंगनबाड़ी के बच्चों से संवाद कर सीईओ जिला पंचायत ने सीखने की गतिविधियों को सराहा
- बच्चों के पोषण एवं शैक्षणिक गतिविधियों का लिया जायजा
अनूपपुर 23 अक्टूबर 2026/ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी ने आंगनवाड़ी केंद्र पसला का निरीक्षण कर बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पोषण आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र में बच्चों की उपस्थिति, उन्हें दिए जाने वाले नाश्ते एवं खिचड़ी की गुणवत्ता तथा पोषण आहार (टीएचआर) की उपलब्धता का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पोषण आहार उपलब्ध कराने तथा केंद्र में व्यवस्थाओं की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती अर्चना कुमारी ने आंगनवाड़ी केंद्र में दर्ज गंभीर एवं मध्यम रूप से कुपोषित बच्चों (एसएएम एवं एमएएम) की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों के वजन एवं ऊंचाई का मापन कराने के लिए उपलब्ध मशीनों का उपयोग सुनिश्चित कराया, ताकि बच्चों की पोषण स्थिति का आकलन किया जा सके। बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित जानकारी लेते हुए उन्होंने केंद्र में संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया।
आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की सीखने की क्षमता एवं गतिविधियों को परखने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने उनसे विभिन्न वस्तुओं की पहचान संबंधी प्रश्न पूछे। इस दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए। आदित्य राजपति ने देशभक्ति गीत सुनाया, जबकि पार्थवी ने ‘हाथी राजा’ गीत प्रस्तुत किया। बच्चों की सक्रिय सहभागिता और उत्साह को देखकर श्रीमती अर्चना कुमारी ने उनकी गतिविधियों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने आंगनवाड़ी केंद्र की स्टॉक पंजी का भी अवलोकन किया तथा उपलब्ध सामग्री एवं पोषण आहार से संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली। निरीक्षण का उद्देश्य केंद्र में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण एवं अन्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेना और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन करना रहा।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुशी प्राची अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री के.के. रैकवार सहित सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका उपस्थित रहे।







































































