कोयला भवन मुख्यालय बीसीसीएल में आज सीजीआईटी-सह-श्रम न्यायालय, धनबाद में लंबित मामलों के निष्पादन हेतु प्रस्तावित विशेष अभियान के संबंध में आयोजित उन्मुखीकरण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में लंबित मामलों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना, संबंधित अभिलेखों को अद्यतन करना तथा मामलों के प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना था।
बैठक का संयुक्त संचालन महाप्रबंधक (मानव संसाधन/औद्योगिक संबंध) श्री सुरेंद्र भूषण एवं महाप्रबंधक (विधि) श्री के. एस. सिन्हा ने किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष (कर्मचारी स्थापना) श्रीमती मधुस्मिता लकड़ा सहित कोयला भवन मुख्यालय के औद्योगिक संबंध, विधि एवं प्रशासन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन) एवं नोडल अधिकारी (विधि) ने अपनी सक्रिय सहभागिता की।
बैठक के दौरान अवगत कराया गया कि श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप सीजीआईटी-सह-श्रम न्यायालय में लंबित मामलों के निपटारे के लिए दिनांक 16 नवंबर से 27 नवंबर तक विशेष अभियान प्रस्तावित है। इस क्रम में कल दिनांक 23 अक्टूबर को उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय), धनबाद के कार्यालय में उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाना है, ताकि संबंधित पक्षकारों एवं हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन की दिशा में प्रभावी पहल की जा सके। इस विशेष अभियान का उद्देश्य लंबे समय से लंबित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया को गति प्रदान करना है।
इसी सन्दर्भ में बैठक में बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में लंबित मामलों की क्रमवार समीक्षा की गई। इस दौरान उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर प्रत्येक मामले की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई न्यायिक कार्यवाही, संबंधित पक्षों का विवरण तथा आगामी कार्रवाई से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की गई। साथ ही, संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों में उपलब्ध अभिलेखों का सीजीआईटी कार्यालय एवं संबंधित पैरवी अधिवक्ताओं के अभिलेखों से मिलान कर मामलों की अद्यतन स्थिति सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
समीक्षा के दौरान बैक वेज, सेवा-बर्खास्तगी, नियोजन, नियमितीकरण, मुआवजा तथा अन्य श्रम एवं सेवा संबंधी मामलों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों (मानव संसाधन) एवं नोडल अधिकारियों (विधि) को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित मामलों से संबंधित अभिलेखों एवं विवरणों का समुचित सत्यापन कर अद्यतन रिपोर्ट तैयार करें। प्रत्येक मामले का संक्षिप्त विवरण तैयार करने, उसकी वर्तमान स्थिति स्पष्ट रूप से दर्ज करने तथा अब तक की गई कार्रवाई एवं आगे की कार्ययोजना का उल्लेख करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, ऐसे मामलों की पहचान करने को कहा गया जिनमें उपलब्ध तथ्यों, अभिलेखों एवं लागू प्रावधानों के आलोक में निस्तारण की दिशा में ठोस प्रगति की जा सकती है।
अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि सभी संबंधित विवरण सुव्यवस्थित एवं निर्धारित प्रारूप में संकलित हों, ताकि उन्मुखीकरण कार्यक्रम के दौरान लंबित मामलों पर सार्थक चर्चा की जा सके और विशेष अभियान के अंतर्गत उनके प्रभावी निष्पादन के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें। बैठक में संबंधित विभागों एवं क्षेत्रीय इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय, अभिलेखों की शुद्धता तथा समयबद्ध अनुवर्ती कार्रवाई के महत्व को भी रेखांकित किया गया।
बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।







































































