तालाब में समाई कार, तीन युवकों ने लगाई जान की बाजी; एक की मौत, दो घायल

---Advertisement---

तालाब में समाई कार, तीन युवकों ने लगाई जान की बाजी; एक की मौत, दो घायल

डायल-112, रामनगर पुलिस और डोला के युवकों की बहादुरी से चला घंटों रेस्क्यू अभियान

अनूपपुर। जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत डोला रेलवे क्रॉसिंग के समीप शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार सड़क किनारे रखी बजरी और डस्ट से टकराकर अनियंत्रित हुई और पास स्थित तालाब में जा गिरी। अंधेरे और गहरे पानी के बीच स्थानीय युवकों की बहादुरी तथा डायल-112 एवं रामनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वाहन में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 11:30 बजे वाहन क्रमांक CG31C0935 डोला रेलवे क्रॉसिंग के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री से टकराने के बाद कार सीधे तालाब में जा गिरी। दुर्घटना होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना को देखकर डोला निवासी बिट्टू पनिका, रामनरेश गुप्ता और दिलीप सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बिना तत्काल तालाब में छलांग लगा दी। तीनों युवकों ने पानी में डूबे वाहन तक पहुंचकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। उनकी सूझबूझ और साहस के कारण राहत कार्य की शुरुआत तुरंत हो सकी।

इधर घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रधान आरक्षक अमित पटेल (एचसी-89) ने पुलिस बल के साथ राहत एवं बचाव अभियान को तेज गति से संचालित किया। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे युवकों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटना में शुभम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल और चंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक और क्षेत्र में मातम का माहौल बन गया।

रामनगर थाना पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर तालाब में गिरने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस घटना में स्थानीय युवकों की बहादुरी और मानवता की भावना की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। समय रहते साहसिक प्रयास नहीं किए जाते तो जनहानि और अधिक हो सकती थी। वहीं डायल-112 और रामनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने राहत एवं बचाव कार्य को प्रभावी ढंग से अंजाम देकर घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment