विशेष भोज में ‘श्री अन्न’ (कोदो-कुटकी) को मिला बढ़ावा
जिले की सभी प्राथमिक व माध्यमिक शालाओं में हुआ आयोजन
अनूपपुर 15 अगस्त 2026/स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर जिले में ‘पीएम पोषण योजना’ के अंतर्गत विशेष भोज का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित परसवार स्थित ‘राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह बालक आश्रम (अंग्रेजी माध्यम)’ में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल शामिल हुए।
राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने विद्यार्थियों के साथ पंक्ति में बैठकर विशेष भोज का आनंद लिया और बच्चों से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में सामाजिक समरसता और सहभागिता की भावना का विकास होता है। विशेष भोज में विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ-साथ स्थानीय मोटे अनाजों (श्री अन्न) को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष रूप से कोदो-कुटकी से तैयार खीर परोसी गई। इसके अतिरिक्त बच्चों को सब्जी-पूरी और स्वादिष्ट लड्डू भी वितरित किए गए।
जिला मुख्यालय के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस पर जिले की समस्त लक्षित प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में भी गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक विशेष भोज का आयोजन किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बेहतर स्वास्थ्य और पोषण सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय खान-पान एवं मोटे अनाजों के उपयोग को बढ़ावा देना रहा।
विशेष भोज के पश्चात राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।
इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति रमेश, कलेक्टर श्री रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब ,जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पार्वती राठौर, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर सुश्री प्राशी अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर सुश्री शीतल ठाकुर, विध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष श्री रामदास पुरी एवं अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं आश्रम का अमला उपस्थित रहा।





































