स्पेशल कैंपेन-6 एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत वेकोलि मुख्यालय में ई-वेस्ट प्रबंधन पर नुक्कड़ नाटक
जिम्मेदार संग्रहण, पृथक्करण, पुनर्चक्रण एवं वैज्ञानिक निपटान के प्रति किया जागरूक

नागपुर: स्पेशल कैंपेन-6 एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) मुख्यालय, नागपुर में आज, 22 सितंबर 2026 को ई-वेस्ट प्रबंधन विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ई-वेस्ट के जिम्मेदार संग्रहण, उचित पृथक्करण, पुनर्चक्रण तथा वैज्ञानिक तरीके से निपटान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वेकोलि के निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) श्री संदीप परांजपे तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय मधुकर म्हेत्रे की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष गण तथा बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री संदीप पारंजपे ने ई-वेस्ट के उचित एवं जिम्मेदार निपटान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल विशेष अभियानों या अवसरों तक सीमित न रखते हुए इसे नियमित जीवनशैली एवं कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
श्री अजय मधुकर म्हेत्रे ने अपने संदेश में ई-वेस्ट के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इसके जिम्मेदार निपटान के लिए सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ई-वेस्ट प्रबंधन में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है और सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ एवं सतत पर्यावरण के निर्माण में प्रभावी योगदान दिया जा सकता है।
नुक्कड़ नाटक ने सहज एवं प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से ई-वेस्ट के बढ़ते प्रभाव, उसके उचित संग्रहण एवं पृथक्करण तथा अधिकृत माध्यमों से पुनर्चक्रण एवं वैज्ञानिक निपटान की आवश्यकता को रेखांकित किया। इस नाटक के माध्यम से कर्मियों को ई-वेस्ट के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने और स्वच्छता को अपनी नियमित आदत बनाने का संदेश दिया।
वेकोलि द्वारा स्पेशल कैंपेन-6 एवं स्वच्छता ही सेवा-2026 के अंतर्गत स्वच्छता, संसाधनों के कुशल प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए मुख्यालय तथा सभी क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।


































































