काम की तलाश में जबलपुर गई 12 वर्षीय किशोरी सकुशल बरामद
25 दिन बाद सरई पुलिस ने दस्तयाब कर पिता को सौंपा, लगातार पतारसी से मिली सफलता
अनूपपुर। करनपठार थाना क्षेत्र की सरई चौकी पुलिस ने घर से लापता हुई 12 वर्षीय नाबालिग किशोरी को सकुशल दस्तयाब कर उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। किशोरी 28 अगस्त की शाम घर से बिना बताए चली गई थी। पुलिस द्वारा लगातार की जा रही पतारसी के बाद 22 सितंबर को उसे सुरक्षित बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मिठ्ठू महुआ निवासी संतोष यादव ने सरई चौकी में सूचना दर्ज कराई थी कि उनकी 12 वर्षीय नाबालिग पुत्री 28 अगस्त 2026 को शाम करीब 4 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों तथा नाते-रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
सूचना के आधार पर सरई चौकी पुलिस ने 14 सितंबर को थाना करनपठार में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 288/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
लगातार तलाश के बाद मिली सफलता
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने किशोरी की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर लगातार पतारसी की। पुलिस के प्रयासों के परिणामस्वरूप 22 सितंबर को किशोरी को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी इच्छा से काम करने के लिए जबलपुर चली गई थी। उसने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर नहीं ले जाया गया और उसके साथ कोई अनुचित घटना भी नहीं हुई। किशोरी ने अपने माता-पिता के साथ रहने की सहमति व्यक्त की।
इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संतोष यादव और राजेन्द्र मार्को की मौजूदगी में सुपुर्दगी पंचनामा तैयार किया और किशोरी को उसके पिता संतोष यादव के सुपुर्द कर दिया।
सरई पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पुष्पराजगढ़ के मार्गदर्शन में की गई। सरई चौकी प्रभारी उप निरीक्षक मंगल दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने किशोरी की तलाश में लगातार प्रयास किए।
कार्रवाई में रामप्रसाद धुर्वे, रामप्रसाद मरावी, फूल सिंह श्याम, साहब सौर, मनोज धुर्वे और अनुराग सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की कार्रवाई के बाद नाबालिग किशोरी को सकुशल उसके परिवार के सुपुर्द किया गया।


































































