सहेली के साथ दिल्ली घूमने गई 13 वर्षीय किशोरी सकुशल बरामद, पुलिस ने परिजनों को सौंपा

---Advertisement---

सहेली के साथ दिल्ली घूमने गई 13 वर्षीय किशोरी सकुशल बरामद, पुलिस ने परिजनों को सौंपा

10 सितंबर को घर से हुई थी लापता, 12 दिन बाद सरई पुलिस ने की दस्तयाबी

अनूपपुर। करनपठार थाना क्षेत्र की सरई चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 सितंबर से लापता 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की लगातार पतारसी और पूछताछ के बाद किशोरी के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बड़ी तुम्मी निवासी शंकर सिंह उइके ने सरई चौकी में सूचना दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पुत्री 10 सितंबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ नाते-रिश्तेदारों के यहां भी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।

सूचना मिलने के बाद सरई चौकी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 15 सितंबर को थाना करनपठार में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 291/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम द्वारा किशोरी की तलाश के लिए लगातार संभावित स्थानों पर पतारसी की जा रही थी।

दिल्ली जाने की बात सामने आई

लगातार की जा रही तलाश और पुलिस की कार्रवाई के दौरान 22 सितंबर को लापता किशोरी को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। पूछताछ में किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह अपनी सहेली के साथ स्वेच्छा से दिल्ली घूमने चली गई थी। किशोरी ने पुलिस को यह भी बताया कि उसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर नहीं ले जाया गया तथा उसके साथ कोई अनुचित घटना नहीं हुई।

पूछताछ के बाद किशोरी ने अपने माता-पिता के साथ रहने की सहमति व्यक्त की। इसके पश्चात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उपस्थित साक्षियों कमलेश यादव और शंकर सिंह की मौजूदगी में सुपुर्दगी पंचनामा तैयार किया और किशोरी को उसके पिता शंकर सिंह उइके के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पुष्पराजगढ़ के मार्गदर्शन में की गई। सरई चौकी प्रभारी उप निरीक्षक मंगल दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने किशोरी की तलाश में लगातार प्रयास किए।

कार्रवाई में रामप्रसाद धुर्वे, रामप्रसाद मरावी, फूल सिंह श्याम, साहब सौर, मनोज धुर्वे और अनुराग सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते नाबालिग किशोरी को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment