सूने मकान में चोरी का खुलासा: भालूमाड़ा पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा, चोरी का सामान बरामद
भालूमाड़ा, अनूपपुर। भालूमाड़ा पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी का मामला दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल अनूपपुर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पीली दफाई निवासी रुकमणी माली ने 3 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके सूने घर में घुसकर अज्ञात व्यक्ति घरेलू सामान चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना भालूमाड़ा में अपराध क्रमांक 217/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक विक्रम मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम तथा एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के निर्देशन में थाना प्रभारी राधिका भगत के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सुंदर नगरी भालूमाड़ा निवासी 32 वर्षीय प्रेम कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी गया घरेलू सामान भी बरामद कर लिया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी राधिका भगत के नेतृत्व में सपन नामदेव, विवेक त्रिपाठी, चक्रधर तिवारी, प्रदीप यादव और अभिषेक राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































































