भोजशाला दर्शन हेतु किया आमंत्रित
शीघ्र दर्शन हेतु भोजशाला आयेंगी पूज्य दीदी माँ
ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी
धार। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार लोकसभा सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर वृंदावन पहुंचकर विख्यात राष्ट्रीय संत एवं वात्सल्य ग्राम की संस्थापिका पूज्य दीदी माँ साध्वी ऋतम्भरा जी से शिष्टाचार भेंट की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्रीमती ठाकुर ने कहा कि पूज्य दीदी माँ का सान्निध्य सदैव आध्यात्मिक ऊर्जा, राष्ट्रभावना एवं सेवा के संस्कारों से ओतप्रोत रहता है। उनके आशीर्वाद ने मन को आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया तथा जनसेवा के कार्यों में और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान की।
श्रीमती ठाकुर ने कहा कि पूज्य साध्वी ऋतम्भरा जी ने राम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए राष्ट्र और सनातन संस्कृति के प्रति जनजागरण का कार्य किया। अपनी ओजस्वी वाणी एवं प्रेरक विचारों के माध्यम से वे वर्षों से देशभर में सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। इसके साथ ही नारी सशक्तिकरण, गौसंरक्षण, संस्कार निर्माण तथा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान हेतु उनके द्वारा किए जा रहे कार्य अत्यंत प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय हैं।





































