सीसीएल में ‘मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण’ विषय पर कार्यशाला आयोजित

---Advertisement---

सीसीएल में ‘मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण’ विषय पर कार्यशाला आयोजित

रांची, 19 सितंबर 2026: कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सीसीएल के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग द्वारा कल्याण विभाग के सहयोग से ‘मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण’ विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में सीसीएल के महाप्रबंधक (मानव संसाधन विकास) श्री एम.एफ. हक एवं महाप्रबंधक (कल्याण) श्री एस.के. ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान (CIP), रांची की अतिथि विशेषज्ञ सुश्री रश्मि बिरुवा एवं सुश्री कल्पना टोप्पो ने प्रतिभागियों के साथ संवाद करते हुए मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी साझा की।

कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों एवं मुख्यालय से आए एसओ (एचआर) सहित कुल 57 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सत्र को संवादात्मक एवं सहभागितापूर्ण स्वरूप प्रदान किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा स्वस्थ कार्य-जीवन संतुलन जैसे विषयों पर सक्रिय रूप से चर्चा की।

कार्यशाला के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक स्वास्थ्य की तरह ही व्यक्ति के समग्र स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता का महत्वपूर्ण आधार है। कार्यस्थल पर तनाव को पहचानना, उसका प्रभावी प्रबंधन करना तथा व्यक्तिगत और व्यावसायिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाए रखना कर्मचारियों के कल्याण के लिए आवश्यक है।

खनन उद्योग की कार्यप्रकृति को देखते हुए ऐसे कार्यक्रमों का विशेष महत्व है। खनन क्षेत्र में कार्य अक्सर चुनौतीपूर्ण एवं लक्ष्य-उन्मुख वातावरण में किया जाता है, जहां कर्मचारियों को विभिन्न परिस्थितियों में उच्च स्तर की जिम्मेदारियों का निर्वहन करना पड़ता है। ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, तनाव प्रबंधन एवं सकारात्मक कार्य वातावरण कर्मचारियों के व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यशाला प्रतिभागियों के लिए अत्यंत संवादात्मक, ज्ञानवर्धक एवं विचारोत्तेजक रही। इस पहल के माध्यम से कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझने, तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने तथा स्वस्थ कार्य-जीवन संतुलन बनाए रखने के लिए व्यावहारिक जानकारी एवं उपयोगी सुझाव प्राप्त हुए।

सीसीएल अपने कर्मचारियों के समग्र कल्याण, स्वस्थ कार्य वातावरण तथा बेहतर कार्य-जीवन संतुलन को निरंतर प्राथमिकता देता है और इस दिशा में जागरूकता एवं क्षमता-विकास से जुड़े कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करता रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment