शिक्षकों के सम्मान के साथ साइबर सुरक्षा का पाठ, स्कूलों में पहुंची केल्हारी पुलिस

---Advertisement---

शिक्षकों के सम्मान के साथ साइबर सुरक्षा का पाठ, स्कूलों में पहुंची केल्हारी पुलिस

शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों को किया जागरूक, डिजिटल ठगी से बचने बताये जरूरी उपाय

मनेन्द्रगढ़/केल्हारी। शिक्षक दिवस के अवसर पर जहां विद्यालयों में गुरुजनों के सम्मान और अभिनंदन के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे थे वहीं केल्हारी पुलिस ने इस अवसर को साइबर जागरूकता से जोड़ते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों को डिजिटल अपराधों से बचाव का संदेश दिया। पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने की जानकारी दी।
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर श्रीमती रत्ना सिंह के निर्देश पर थाना केल्हारी प्रभारी मनीष धुर्वे के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान में उपनिरीक्षक टिकेश्वर यादव, सहायक उपनिरीक्षक बंधुराम और महिला आरक्षक देवीवती शामिल रहे।
पुलिस टीम ने केल्हारी आत्मानंद हाई स्कूल, ग्राम चरवाही के मिडिल और हाई स्कूल, ग्राम पसौरी हाई स्कूल तथा ग्राम घाघरा के मिडिल और हाई स्कूल में पहुंचकर शिक्षक शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए साइबर अपराधों के बढ़ते स्वरूप और उनसे बचने के आसान उपायों की जानकारी साझा की गई।

छोटी सी लापरवाही पड़ सकती है भारी

जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को बताया कि इंटरनेट और डिजिटल सुविधाओं ने रोजमर्रा के काम को आसान बनाया है लेकिन ऑनलाइन दुनिया में थोड़ी सी असावधानी आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है। साइबर ठग अलग अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। पुलिस ने अनजान नंबरों से आने वाले फोन कॉल, संदिग्ध मैसेज और लिंक से सावधान रहने की सलाह दी साथ ही ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई

विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल के दौरान भी सतर्क रहने, अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क में सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन ऑफर के लालच में नहीं आने के लिये कहा गया। फर्जी लॉटरी, इनाम, नौकरी, केवाईसी अपडेट और बैंक खाता बंद होने जैसे बहानों से होने वाली ठगी के बारे में भी पुलिस ने जानकारी दी।

जागरूकता को अभियान बनाने की अपील

पुलिस टीम ने साइबर जागृति अभियान से संबंधित क्यूआर कोड के माध्यम से सेल्फी लेकर अभियान का प्रचार प्रसार करने के लिये शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रेरित किया। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण हथियार है। एक व्यक्ति की सतर्कता उसके परिवार और आसपास के कई लोगों को साइबर ठगी से बचा सकती है। शिक्षकों से भी अपील की गई कि वे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ साथ डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करें ताकि बच्चे इंटरनेट, सोशल मीडिया और ऑनलाइन सेवाओं का सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ उपयोग कर सकें।

शिक्षक दिवस पर सुरक्षा का संदेश

शिक्षक दिवस पर आयोजित इस विशेष पहल के माध्यम से केल्हारी पुलिस ने शिक्षकों के सम्मान के साथ समाज में साइबर सुरक्षा की जिम्मेदारी का संदेश भी दिया। पुलिस ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि उन्हें किसी ऑनलाइन गतिविधि में संदेह महसूस हो तो उसे नजरअंदाज ना करें और तत्काल अपने अभिभावक, शिक्षक अथवा पुलिस से जानकारी साझा करें

केल्हारी पुलिस का यह अभियान ‘खुद जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें’ के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
अभियान का उद्देश्य स्कूल स्तर से ही साइबर सुरक्षा की समझ विकसित कर विद्यार्थियों और उनके माध्यम से परिवारों को डिजिटल अपराधों के प्रति सजग बनाना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment